Breaking News

10 महीने बाद भी शहर युवा कांग्रेस की कार्यकारिणी का गठन नहीं : संगठन की गतिविधियां ठप

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

दुर्ग शहर में युवा कांग्रेस संगठन की नई कार्यकारिणी महीनों बाद भी गठित नहीं हो पाई है। विधायक अरुण वोरा के समर्थक आयुष शर्मा को 28 जनवरी 021 को शहर युवा कांग्रेस की कमान सौंपी गई थी। नियुक्ति होने के करीब 10 माह बाद भी युकां अध्यक्ष ने कार्यकारिणी का गठन नहीं किया। नियुक्ति के बाद से प्रदेश संगठन के निर्देश पर शहर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों के विरोध में एक-दो बार किए गए धरना-प्रदर्शन के अलावा युवा कांग्रेस संगठन कहीं भी सक्रिय नहीं है। हालत ये है कि दुर्ग जिला मुख्यालय में युवा कांग्रेस की तुलना में एनएसयूआई की टीम ज्यादा सक्रिय मानी जा रही है।

कांग्रेस के प्रमुख और महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में एक साल पहले तक हमेशा सक्रिय रहने वाली युवा कांग्रेस की टीम फिलहाल शहर के राजनीतिक सीन से गायब है। यह सच है कि कांग्रेस विधायक अरुण वोरा से सैकड़ों युवा जुड़े हैं, लेकिन आयुष ने इन युवाओं को संगठन से जोड़ने का काम ही नहीं किया। हाल ही में दुर्ग शहर में प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक हुई, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राष्ट्रीय महासचिव पीएल पुनिया समेत अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हुए। इस तरह की बैठकों में व्यवस्था से लेकर स्वागत सत्कार और नारेबाजी कर शक्तिप्रदर्शन में हमेशा सक्रियता निभाने वाले शहर के युवा कांग्रेसी गायब रहे। पिछले 6 दिनों से देशव्यापी महंगाई विरोधी जनजागरण यात्रा में भी युवा कांग्रेस का अस्तित्व नजर नहीं आया।

कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि शहर युकां अध्यक्ष बनने के बाद आयुष को हर वार्ड से युवाओं को कार्यकारिणी में शामिल करने कहा गया, लेकिन वार्ड स्तर पर आयुष की गतिविधियां शून्य रही। कसारीडीह सहित आसपास के कुछ वार्डों में ही उनके गिने-चुने युवा कार्यकर्ता हैं। सूत्रों का कहना है कि संगठन कार्यों की बजाय अपने टेंडर लेने में ज्यादा व्यस्तता के कारण अब तक कार्यकारिणी का गठन नहीं हो पाया। कांग्रेस पार्टी की गतिविधियों में भी आयुष की सक्रियता नहीं दिख रही हैं। युवा कांग्रेस संगठन को कांग्रेस पार्टी का सबसे मजबूत विंग कहा जाता है। इसके बावजूद दुर्ग में आयुष शर्मा की परफार्मेंस काफी कमजोर आंकी गई है।

Check Also

वैश्विक ऊर्जा समिट में छत्तीसगढ़ के पवेलियन का अवलोकन करेंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

कुछ ही देर में भारत मंडपम पहुंचेंगे मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद राउंड टेबल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!