- 55 वर्ष के राजनैतिक जीवन में बेदाग, राजनैतिक संत की रही छवि


द सीजी न्यूज डॉट कॉम
देश की राजनीति में अविभाजित मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और दुर्ग जिले का नाम स्वर्ण अक्षरों में अंकित कराते हुए 55 वर्षों के राजनैतिक सफर में बेदाग, कर्मयोगी, अजातशत्रु और राजनैतिक संत की छवि के साथ पार्षद पद से मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और राज्यपाल जैसे शीर्ष पदों को सुशोभित करने वाले दिग्गज नेता मोतीलाल वोरा का जन्मदिन प्रदेश भर में सादगी से मनाया गया। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, राजस्थान के कांग्रेस नेता सचिन पायलट सहित देश भर के नेताओं ने मोतीलाल वोरा के जन्मदिन पर उन्हें याद किया।


राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने निवास कार्यालय में अविभाजित मध्यप्रदेश में दो बार मुख्यमंत्री पद का निर्वहन कर चुके मोतीलाल वोरा की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि वोरा ने अपने सरल-सहज और मृदुभाषी व्यक्तित्व से सभी को प्रभावित किया। उनके व्यक्तित्व में सादगी थी, अहंकार उनसे कोसो दूर था। उन्होंने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा में अमूल्य योगदान दिया। वे उत्तरप्रदेश के राज्यपाल के साथ ही केन्द्रीय मन्त्रिमण्डल में स्वास्थ्य मंत्री भी रहे। अपने लम्बे राजनीतिक जीवन में उन्हें जो भी दायित्व मिला उसे सहज स्वीकार किया।

उनके गृह नगर दुर्ग में सुबह से ही नवनिर्मित राजीव भवन में कांग्रेस नेताओं ने वोरा को नमन किया। यहां गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, मोतीलाल वोरा के सुपुत्र वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा, युंका प्रदेश अध्यक्ष कोको पाढ़ी, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष सहित कई नेताओं ने शिरकत की। इस अवसर पर मोतीलाल वोरा के स्वच्छ और बेदाग राजनैतिक जीवन को याद करते हुए गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि कर्मशीलता की जो मिसाल बाबूजी ने कायम की है, वहां तक पहुंच पाना आसान नहीं है। स्कूटर से चुनावी प्रचार के दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि फर्श से अर्श तक का ऐसा सफर एक सच्चा इंसान ही पूरा कर सकता है।
विधायक अरुण वोरा ने अपने पिता के साथ यादों को साझा करते हुए कहा कि आम जनता और पार्टी के काम करने की उनकी करबद्धता की मिसाल आज भी राष्ट्रीय स्तर पर दी जाती है। बड़े पदों पर रहने के बाद भी दुर्ग शहर के लोगों के लिए बाबूजी की आत्मीयता और अपनापन सदैव अनुकरणीय है।
गौरतलब है कि 20 दिसंबर को मोतीलाल वोरा के जन्मदिन के बाद 21 दिसंबर को उनकी पुण्यतिथि है। कल 21 दिसंबर को कांग्रेसजनों द्वारा शिवनाथ मुक्तिधाम स्थित उनके समाधि स्थल पर सर्वधर्म प्रार्थना और श्रद्धांजलि देकर पुण्यतिथि मनाई जाएगी। राजीव भवन में वोरा के जन्मदिन पर पूर्व विधायक प्रदीप चौबे, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री, राजेन्द्र साहू, महापौर धीरज बाकलीवाल, सभापति राजेश यादव, पूर्व महापौर आर एन वर्मा, समस्त एमआईसी मेंबर, पार्षद, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के पदाधिकारी व जनसामान्य उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal