द सीजी न्यूज डॉट कॉम
गुरुवार को रायपुर में आयोजित दो दिवसीय राज्यस्तरीय मेले में ‘कोंडानार गारमेंट फैक्ट्री‘ के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और सांसद राहुल गांधी की उपस्थिति में बेंगलुरु स्थित कपड़ों के निर्माण हेतु विख्यात ब्रांड डिक्सी के साथ जिला प्रशासन द्वारा 150 करोड़ के कपड़ों के उत्पादन हेतु 5 वर्षों के एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
जिले में महिलाओं को रोजगार प्रदान करने और इनकी आय में वृद्धि कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ‘कोंडानार गारमेंट फैक्ट्री‘ की स्थापना की जा रही है। गारमेंट फैक्ट्री का शिलान्यास मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा 20 जून को आयोजित वर्चुअल भूमिपूजन समारोह में किया गया था। इसका निर्माण अब शुरू हो चुका है। इसका निर्माण लाइवलीहुड कॉलेज के निकट किया जा रहा है।
गारमेंट फैक्ट्री को दंतेवाड़ा की डेनेक्स दंतेवाड़ा गारमेंट फैक्ट्री की तर्ज पर जिला प्रशासन द्वारा ‘कोंडानार गारमेंट फैक्ट्री‘ के नाम से स्थापित किया जा रहा है। इस गारमेंट फैक्ट्री में प्रतिवर्ष 30 करोड़ मूल्य के कपड़ों का उत्पादन की क्षमता होगी। जिससे युवाओं को नवीन रोजगार के साधन उपलब्ध होने के साथ उनके लिए नए रोजगार के साधनों का भी विकास होगा। गारमेंट फैक्ट्री में 200 अत्याधुनिक मशीनों की स्थापना की जाएगी। 350 महिलाएं कपड़ों के उत्पादन का कार्य करेंगी। गारमेंट फैक्ट्री में बेंगलुरु की एक विख्यात ब्रांड की कंपनी द्वारा चर्चा के बाद 15 करोड़ मूल्य के कपड़ों के निर्माण का आर्डर वर्तमान में प्राप्त हो चुका है। जिसमें से 3 करोड़ मूल्य लागत के कपड़ों की सप्लाई 2 माह में पूर्ण कर ली जाएगी।
इस अवसर पर सांसद राहुल गांधी ने हर्ष जताते हुए कहा कि ऐसी कंपनियों के माध्यम से आदिम क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार प्राप्त होने के साथ वे उद्यमिता के गुण भी सीख पाएंगे। जिससे आगे चलकर वह स्वयं भी उद्यमों की स्थापना कर बस्तर संभाग को पिछड़े क्षेत्र की जगह विकसित व प्रगतिशील क्षेत्र का दर्जा दिलाएंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal