
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
नई दिल्ली / भारतीय शेयर बाजार में आज पिछले 10 महीनों की सबसे बड़ी गिरावट देखी गई। सोमवार को भारतीय बाजार गैपडाउन खुले और उसके बाद लगातार गिरते चले गए। एक ही सत्र में सेंसेक्स में 1747.08 अंक यानी 3 प्रतिशत की गिरावट आई। निफ्टी 531.95 अंक यानी 3.06% गिर गई। ऐसी गिरावट पिछले 10 महीनों में नहीं देखी गई थी। इस तरह की गिरावट को शेयर बाजार में ब्लड बाथ कहा जाता है।
सप्ताह के पहले ही दिन इक्विटी निवेशकों ने 8.54 लाख करोड़ रुपये खो दिए। पिछले दो कारोबारी दिनों में निवेशक 12.45 लाख करोड़ रुपये गंवा चुके हैं। सोमवार को सभी सेक्टर्स में भारी बिकवाली देखी गई। एक भी सेक्टर हरे निशान पर बंद होने में सफल नहीं हो सका। सबसे ज्यादा गिरावट पब्लिक सेक्टर बैंक्स, रियलिटी और मेटल में देखी गई।
इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह यूक्रेन क्राइसिस बताई गई है। यूक्रेन और रूस के बीच इसी हफ्ते युद्ध शुरू हो सकता है। यूक्रेन पर हमला होने पर क्रूड ऑयल की कीमतों में भारी उछाल आने की आशंका है। इस क्राइसिस के कारण अमेरिका और रूस के बीच तल्खी बढ़ रही है। इसके कारण तेल की कीमतों में काफी उछाल आया है। निवेशकों ने जोखिम वाले ऐसेट्स से निकलने की कोशिश में शेयर मार्केट से पैसा निकाला है। यह गिरावट आगे भी बढ़ने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में अमेरिकी फेड की इमरजेंसी मीटिंग है, जिसमें ब्याज दरों में अच्छी-खासी बढ़ोतरी की आशंका बताई जा रही है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal