
- कलेक्टर जनदर्शन में कुल 48 आवेदन
- एक साल से नहीं मिल रही दिव्यांग पेंशन
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग / आज कलेक्टर जनदर्शन में एनयूएलएम के तहत् कार्यरत सामूदायिक संगठकों को प्लेसमेंट एजेंसी द्वारा वेतन में कटौती और वेतन पर्ची न देने की शिकायत कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे से की गई। सामुदायिक संगठकों ने बताया कि वे 2016-17 से प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से कार्य कर रहे हैं। प्लेसमेंट एजेंसी द्वारा अभी तक वेतन पर्ची नहीं दिया गया है। वर्तमान में 2 महीने से एजेंसी द्वारा 6 हजार 957 रुपए वेतन ही दिया जा रहा है। संगठकों ने बताया कि 2 से 3 हजार रुपए का पेट्रोल खर्च हो जाता है। संगठकों ने कलेक्टर से उचित कार्रवाई करने के लिए निवेदन किया।
भिलाई के एसीसी कर्मचारी सहकारी गृह निर्माण समिति कुरूद वार्ड 22 के रहवासियों ने कॉलोनी को भिलाई निगम में हस्तांतरित करने आवेदन दिया। कालोनी के रहवासियों ने कहा कि कॉलोनी का निर्माण किसी बिल्डर ने नहीं किया, बल्कि यहां के सेवानिवृत कर्मचारियों ने आपसी सहयोग से किया है। कालोनी का हस्तांतरण भिलाई निगम को होने पर आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेगी।
भिलाई के ही हाऊसिंग बोर्ड वार्ड क्रं. 26 के रहवासियों ने जलनिकासी के संबंध में नाली निर्माण से संबंधित आवेदन दिया। इसके अलावा कई लोगों ने फाइनेंशियल कंपनियों की वादाखिलाफी की शिकायत भी की। कलेक्टर ने कहा कि धोखाधड़ी करने वाली कंपनियों का चिन्हांकन किया गया है, इन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जनदर्शन में राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतें भी आई, इसमें रजिस्टर खसरा की 5 साल की प्रतिलिपि प्रदान न करने की शिकायत की गई।
कॉलेज के एक दृष्टिबाधित छात्र ने लैपटॉप की मांग की। उसने कहा कि वह रायपुर के महंत लक्ष्मी नारायण कॉलेज में पढ़ता है। लैपटॉप मिलने से उसे बेहतर पढ़ाई करने में काफी सुविधा होगी। बोरसी निवासी एक वरिष्ठ महिला ने दिव्यांग पेंशन न मिलने की शिकायत की। उसने कहा कि 1 साल से दिव्यांग पेंशन नहीं मिल रही है। कलेक्टर ने इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने आज जनदर्शन में आए सभी 48 आवेदनों पर तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal