
- मकान पर कब्जा वापस दिलाने महिला ने किया निवेदन
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग /अहिवारा की एक विधवा महिला ने जनदर्शन में कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे से अपने मकान पर कब्जा किये जाने की शिकायत की है। महिला ने मकान वापस दिलाने आवेदन किया है। महिला का कहना है कि मकान के स्वामित्व के निर्धारण के लिए कोर्ट में केस चल रहा है। माँ की बीमारी का समाचार मिलने पर उनसे मिलने के बाद वापस आने पर पता चला कि मकान पर क्लेम करने वाले व्यक्ति ने ताला तोड़कर कब्जा कर लिया है। महिला का आरोप है कि इस व्यक्ति ने कूटरचना कर मकान अपने नाम से कर लिया है। इस मामले में केस चल रहा है। कलेक्टर ने अधिकारियों को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं।

कलेक्टर जनदर्शन में एक आवेदन जिले के एक स्कूल प्रबंधन के संबंध में पालक संघ का भी आया। पालक संघ के पदाधिकारियों ने कलेक्टर को सौंपकर कहा कि स्कूल प्रबंधन द्वारा निर्धारित मानकों के अलावा अतिरिक्त राशि फीस के रूप में वसूली जा रही है। कलेक्टर ने उचित कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। समोदा निवासी एक ग्रामीण ने जनदर्शन में अपनी जमीन में पंचायत द्वारा सड़क का निर्माण कराने की शिकायत की। कलेक्टर ने अधिकारियों को जांच के निर्देश दिये हैं।
एकता परिसर मालवीय नगर की एक महिला ने बताया कि उन्होंने बैंक से किसी भी तरह का शॉपिंग कार्ड इश्यू करने आवेदन नहीं दिया। फिर भी उनके खाते से 28 जनवरी को 68 हजार 880 रुपए निकाल लिये गये। बैंक में पता करने पर बताया गया कि उनकी यह राशि उनके शापिंग कार्ड का क्लोन बनाकर निकाली गई है। महिला का कहना है कि खाते से राशि निकालने का संदेश भी उन्हें नहीं मिला। महिला ने इसे प्रबंधन की लापरवाही बताते हुए कार्रवाई की मांग के साथ ही खाते से निकाली गई राशि वापस दिलाने का निवेदन किया। कलेक्टर ने कहा कि साइबर क्राइम के संबंध में बैंकर्स को निर्देश दिये गए हैं कि समय-समय पर कैंप लगाकर लोगों की समस्याओं का निदान करें।
जनदर्शन में एक पिता ने कैंसर से जूझती अपनी बिटिया के इलाज के लिए भी निवेदन किया। उनकी बिटिया का इलाज टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल में चल रहा है। जनदर्शन में अतिक्रमण से संबंधी आवेदन भी आए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिये हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal