द सीजी न्यूज डॉट कॉम

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने निवास प्रांगण में राजधानी रायपुर में 5 और 6 मार्च को होने वाले एम.आर.एफ. नेशनल सुपर क्रास बाईक रेसिंग चौंपियनशिप 2022 के पोस्टर का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने नेशनल सुपर क्रॉस बाईक रेसिंग चैंपियनशिप में देश भर से बाइकर्स को छ्त्तीसगढ़ आने का न्यौता दिया।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन और छत्तीसगढ़ मोटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में राजधानी रायपुर के बूढ़ा तालाब आउटडोर स्टेडियम में रेसिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कोविड महामारी के बाद यह राज्य का पहला महत्वपूर्ण खेल आयोजन है। इस आयोजन से राज्य की जनता विशेषकर युवाओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।

फ्री स्टाइल मोटो क्रास में रोमांचक करतब दिखाने आ रहे अंतर्राष्ट्रीय बाइकर्स और नेशनल सुपर बाइक रेसिंग चैंपियनशिप 2022 में आ रहे देश के बाईकर्स का अभिनंदन है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अत्यधिक लोकप्रिय मोटर स्पोर्ट्स खेल साहस और रोमांच से भरपूर है। ऐसे विशेष आयोजन के लिए रायपुर व छत्तीसगढ़ तैयार है। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ मोटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन और राष्ट्रीय फेडरेशन के आयोजन की सफलता के लिए बधाई व शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, राष्ट्रीय मोटर स्पोर्ट्स फेडरेशन के सदस्य श्याम कोठारी व डॉ. विष्णु श्रीवास्तव, क्षितिज चंद्राकर, छत्तीसगढ़ मोटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव उमेश बंसी और मीडिया सलाहकार अतुल श्रीवास्तव, हीरो के राज्य प्रमुख शलभ राजवंशी व क्षेत्रीय प्रबंधक अंशुल त्रिपाठी, गौरव गिरिजा शुक्ला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।