Breaking News

बदबूदार पानी सप्लाई की शिकायतों पर वोरा ने सख्त नाराजगी जताई : दो टूक शब्दों में चेतावनी दी – जिम्मेदारी तय कर की जाएगी कड़ी कार्रवाई

  • विधायक ने सिंचाई विभाग और नगर निगम के अधिकारियों की लगाई क्लास
  • साफ कहा किसी भी स्तर पर पानी सप्लाई में चूक नहीं होनी चाहिए  
  • पेयजल व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : वोरा

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

शहर में पिछले दो दिनों से लगातार दूषित पानी की सप्लाई की शिकायतें मिलने पर विधायक अरुण वोरा ने आज नगर निगम और सिंचाई विभाग के अफसरों पर सख्त नाराजगी जताई। पानी में बदबू आने की शिकायत लगातार मिलने पर वोरा ने महापौर धीरज बाकलीवाल और निगम के जल कार्य विभाग के अधिकारियों के साथ इंटकवेल का निरीक्षण किया। मौके पर पड़ताल करने से पता चला कि इरिगेशन विभाग द्वारा खरखरा की जगह खपरी से पानी छोड़ा गया है और खपरी जलाशय का पानी नाले से होकर शिवनाथ नदी तक पहुंच रहा है।

निगम अफसरों ने बताया कि नाले से होकर पानी नदी में मिलने के कारण फिल्टर प्रक्रिया के बावजूद दुर्ग, भिलाई और  रिसाली नगर निगमों में सप्लाई हो रहे पानी में बदबू आ रही है। विधायक वोरा ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को बुलाकर जवाब तलब किया। ईई सुरेश पांडेय ने बताया कि डिमांड के अनुसार पानी छोड़ा गया था लेकिन खपरी का पानी नाले के माध्यम से पहुंचने की जानकारी नहीं थी।

नगर निगम के जल कार्य विभाग के निरीक्षक नारायण ठाकुर ने बताया कि फ़िल्टर प्लांट में एलम और ब्लीचिंग की मात्रा संतुलित रखना जरूरी है। ज्यादा प्रदूषित पानी होने पर फिल्टर प्रक्रिया में अतिरिक्त सावधानी बरतना आवश्यक है। ऐसा न करने पर बीमारियां फैलने की आशंका रहती है। विधायक वोरा के निर्देश पर कार्यपालन अभियंता सुरेश पांडेय ने तत्काल कार्यवाही करते हुए खपरी से पानी सप्लाई बंद करने और खरखरा से पानी सप्लाई के आदेश जारी किये। 

अफसरों ने कहा कि अब शहर को शुद्ध पेयजल की सप्लाई सुनिश्चित की जा सकेगी। वोरा ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शहर की जनता को ग्रीष्म ऋतु में पेयजल की कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। इरीगेशन विभाग और नगर निगम के  अधिकारियों में तालमेल जरूरी है। पानी सप्लाई के संबंध में कोई भी शिकायत मिली तो जिम्मेदारों पर कड़ी कार्यवाही की अनुशंसा की जाएगी।

वोरा ने निगम अधिकारियों को अतिरिक्त टैंकरों और पम्पों की व्यवस्था करने के निर्देश दिये ताकि शट डाउन जैसी परिस्थिति में ग्रीष्म ऋतु में पानी सप्लाई की व्यवस्था हो सके। महापौर धीरज बाकलीवाल ने नाला डायवर्सन के कार्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि इंटकवेल में शुद्ध पानी के लिए डायवर्सन का कार्य जल्द पूर्ण करना आवश्यक है। इस दौरान जल कार्य प्रभारी संजय कोहले, कार्यपालन अभियंता राजेश पांडेय, उप अभियंता आर के जैन, भीम राव, अंशुल पांडेय, नारायण ठाकुर मौजूद थे।

Check Also

छत्तीसगढ़ में एसआईआर पर अकबर का बड़ा खुलासा

एसआईआर की प्रक्रिया में चार गुना वोटरों के नाम हटाए गए   THE CG NEWS  रायपुर। …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!