- आजीविका की ओर कदम बढ़ाकर स्वसहायता समूह की महिलाएं कर रही आर्थिक तरक्की
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
स्व सहायता समूह की महिलाएं अब आर्थिक तरक्की की राह पर चल पड़ी हैं। स्वसहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने आजीविका की ओर कदम बढ़ाते हुए सफलता हासिल की और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम सोनेसरार की आस्था संकुल संगठन की स्वसहायता समूह की महिलाओं का काम न केवल राज्य स्तर पर, बल्कि पूरे देश में सराहा जा रहा है। 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आस्था संकुल संगठन को उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिल्ली के विज्ञान भवन में आत्मनिर्भर संगठन पुरस्कार से नवाजा जाएगा।

कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के मार्गदर्शन में जिले की स्वसहायता समूह की महिलाएं गौठानों से जुड़कर आर्थिक समृद्धि की राह पर कामयाबी के साथ कदम बढ़ा रही हैं। आस्था संकुल संगठन के गठन के बाद क्षेत्र के अंतर्गत 17 ग्राम पंचायतों में 23 ग्राम संगठन और 443 स्वसहायता समूह जुड़े हैं। इनमें कुल 4 हजार 842 ग्रामीण महिला सदस्य शामिल हैं। आस्था संकुल संगठन ने खान-पान, पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता से आजीविका की ओर कदम रखा।

संगठन ने 2300 परिवारों को किचन गार्डन बनाकर सब्जी उत्पादन के लिए प्रेरित किया। 605 परिवारों को बाजार मूल्य से कम दर पर उन्नत सब्जी के बीज उपलब्ध कराए गए। 2300 परिवारों द्वारा स्वयं के किचन गार्डन में 6500 क्विंटल से अधिक सब्जियां ( टमाटर, भिंडी, भाटा, करेला, लौकी, गोभी आदि) का जैविक पद्धति से उत्पादन किया गया। उत्पादित सब्जियों को न केवल परिवारों में खाने के लिए उपयोग किया गया, बल्कि सुपोषण के लिए किशोरी बालिकाओं, गर्भवती महिलाओं, नवविाहिताओं और दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों को भी प्रदान किया गया। इस गतिविधि से संकुल संगठन को आर्थिक लाभ हुआ।
आस्था संकुल संगठन के अंतर्गत सभी 443 स्व सहायता समूहों को चक्रीय निधि से 66 लाख 45 हजार रुपए, 261 समूहों को 1 करोड़ 56 लाख 6 हजार रुपए की सामुदायिक निवेश निधि और 387 समूहों को 9 करोड़ 84 लाख रुपए का बैंक लोन पिछले 3 वर्षों में प्राप्त हुआ है। स्व सहायता समूहों के सदस्य विभिन्न आजीविका गतिविधियों से अपना जीवन स्तर बदल रही है। संगठन की महिलाएं कृषि, सब्जी उत्पादन, सेनिटरी नैपकिन, ई-रिक्शा, बैंक सखी जैसे कार्यों में संलग्न है। इसके साथ ही आस्था संकुल संगठन की महिलाओं द्वारा कोविड-19 नियमों की जागरूकता के लिए कार्य किया गया है। इन उल्लेखनीय कार्यों के लिए अब संगठन को दिल्ली में सम्मानित किया जाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal