Breaking News

यह दान नहीं … महादान है … भीख मांगकर इकट्‌ठा पैसों को बुजुर्ग ने दान कर दिया … ताकि जरूरतमंदों के लिए भोजन का इंतजाम हो सके …

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

भीख मांगकर गुजारा करने वाले एक बुजुर्ग ने आज 511 रुपए का ऐसा महादान किया, जो पूरे समाज के लिए एक मिसाल है। दुर्ग शहर में जन समर्पण संस्था जरूरतमंद लोगों को पिछले कई साल से रोज निशुल्क  भोजन कराने की व्यवस्था कर रही है। रेलवे स्टेशन के सामने भोजन करने वाले लोगों में पिछले एक साल से ये महादानी बुजर्ग भी शामिल हैं। बुजुर्ग बोल नहीं पाते हैं और बढ़ती उम्र के कारण कानों से सुन भी नहीं पाते। बुढ़ापे की लाचारी में भीख मांगकर गुजारा करते हुए बुजुर्ग ने पिछले कई दिनों से इकट्‌ठा की गई अपनी पूंजी आज जनसमर्पण संस्था को दान कर दी।

शुक्रवार को संस्था की रात्रि भोजन सेवा में बुजुर्ग आए और पूरी रकम संस्था के बंटी शर्मा को सौंप दी … महादान की रकम देखिये … आपकी आंखें भर आएंगी। कुछ सिक्के … कुछ नोट … कुल 511 रुपए … और इस महादान के साथ ढेर सारा आशीर्वाद भी … जिसे आंखों से देख पाना मुश्किल है …

आशीर्वाद उन नौजवानों के लिए … जो हर दिन बिना रुके, बिना थके जरूरतमंद गरीबों को भोजन कराते हैं।

संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा बंटी ने बताया कि रोज की तरह 3 मार्च को संस्था के सभी सदस्य जरूरतमंदों को भोजन देने दुर्ग स्टेशन पहुँचे पहुँचे, जहाँ जरूरतमंद विकलाँग, बुजुर्ग और महिलाएं भोजन के इंतजार में बैठे थे। इन लोगों में से एक एक बुजुर्ग जो लगभग 1 साल से रोज यहां भोजन के लिए आते हैं। दुबला पतला शरीर, पैरों से विकलांग, बोलने और सुनने में अक्षम, सफेद उलझी दाढ़ी, माथे पर तिलक, सफेद कुर्ता, धोती पहने इस बुजुर्ग ने भोजन करने के बाद अपने पास रखे थैले को निकाला और थैले में रखे चिल्हर व नोट को निकालकर संस्था के अध्यक्ष बंटी शर्मा को सौंप दिया। कुल 511 रुपये का दान दिया गया। इशारों-इशारों में बुजुर्ग ने कह दिया कि सभी जरूरतमंदों को इस रकम से भोजन कराएं। 

संस्था के राजेन्द्र ताम्रकार, शिशु शुक्ला, आशीष मेश्राम ने बताया कि संस्था द्वारा बुजुर्ग को पिछले दिनों बैसाखी भी दी गई। समय समय उन्हें जरूरत की सामग्री साबुन, निरमा, तेल आदि भी दिया गया। आज जब बुजुर्ग ने उन्हें दान की रकम दी तो संस्था के सभी सदस्यों की आंखों में आंसू आ गए। किसी ने सोचा भी नहीं था कि उन्हें एक दिन ऐसा दानी भी मिलेगा जो भीख की रकम दान करेगा। संस्था के सदस्यों द्वारा रकम लेने से इंकार करने पर बुजुर्ग ने हाथ जोड़ लिये। सभी सदस्यों ने उनके पैर छुए। सदस्यों का कहना है कि उनकी 5 साल की सेवा को सबसे बड़े आशीर्वाद के रूप में यह दान की रकम मिली है। जीवन भर वे इस ऐतिहासिक दिन को याद रखेंगे। इस दौरान अर्जित शुक्ला, प्रकाश कश्यप, संजय सेन, राजेन्द्र ताम्रकार, शुभम सेन, हरीश ढीमर, दद्दू ढीमर, मृदुल गुप्ता, अख्तर खान, शमीर खान, शब्बीर खान, भागवत पटेल, छोटू, सुजल शर्मा, ईशु खान सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

बुजुर्ग महादानी को सलाम …

गरीबी के बावजूद उनके दान के जज्बे को सलाम … 

जन समर्पण संस्था के सदस्यों को हर बार की तरह बारम्बार सलाम …

शाबास नौजवानों …

तुम मानव सेवा की अद्भुत मिसाल कायम कर रहे हो … हर दिन नई मिसाल …      

Check Also

भाजपा संगठन की मजबूती को लेकर बैठक : संगठन कार्यों में निरंतरता और पैनापन लाएं कार्यकर्ता : जगन्नाथ पाणिग्रही

कार्यकर्ताओं से दायित्व निभाने तैयार रहने का आव्हान THE CG NEWS दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!