द सीजी न्यूज डॉट कॉम
गर्मियों के मौसम में लू लगने से बीमार होने से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतना जरूरी है। ग्रीष्म ऋतु में लू चलना आम बात है। इस मौसम में तेज धूप और गर्मी के कारण लू लगने की संभावना रहती है। लू लगने का प्रमुख कारण शरीर में नमक और पानी की कमी होना है। पसीने के रूप में शरीर से नमक और पानी का बड़ा हिस्सा शरीर से बाहर निकल जाता है और खून में गर्मी बढ़ जाती है।
लू लगना खतरनाक और जानलेवा भी हो सकता है। शरीर में कुछ लक्षणों के आधार पर जाना जा सकता है कि हमें लू लग गई है। बहुत तेज बुखार आना, सिर भारी लगना, शरीर से पसीना न निकलना, उल्टी होना, हाथ-पैर में दर्द होना, त्वचा का सूखा, गर्म व लाल होना, चक्कर और बेहोशी आना इसके लक्षण हैं।
लू से बचाव
कुछ सामान्य उपाय अपनाकर लू से बचा जा सकता है। गर्मियों में पानी व अन्य तरल पदार्थों का अधिक से अधिक सेवन करें। सफेद या हल्के रंग का सूती का कपड़ा पहनें। धूप के चश्मे, टोपी और छाता का प्रयोग करें। धूप में बाहर निकलने से बचें। यदि धूप में निकलना जरूरी हो तो खाली पेट घर से बाहर न निकलें। गर्मी के दिनों में शीघ्र पचने वाला भोजन करना चाहिए और दिन में बार-बार पानी का सेवन करते रहना चाहिए। नाक व कान को ढंककर या लपेटकर निकलें। धूप के चश्मे, टोपी और छाता का इस्तेमाल करें। मौसमी फलों जैसे तरबूज़, अंगूर, खरबूज़ा इत्यादि का सेवन भी लू से बचाव में लाभदायक रहता है।
लू के लक्षण होने पर तुरंत अपने नज़दीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र जाएं। स्वास्थ्य केंद्र दूर होने पर मितानिन से संपर्क करें।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
