द सीजी न्यूज डॉट कॉम
रामनवमी के अवसर पर आज जांजगीर-चांपा जिले के दौरे पर आए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सबसे पहले खरौद स्थित लक्ष्मणेश्वर और माता शबरी मंदिर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने इन मंदिरों में पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की जनता की खुशहाली और समृद्धि के लिए आशीर्वाद लिया।
इस मौके पर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री मंहत रामसुंदर दास भी उनके साथ थे।
स्कूली छात्रा को मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से खिलाया जन्मदिन का केक

मुख्यमंत्री खरौद के लक्ष्मणेश्वर मंदिर से दर्शन कर परिसर से बाहर निकल रहे थे तो उन्हें एक छात्रा दिखी, जो अपने जन्मदिन के अवसर पर भगवान शिव का दर्शन करने के लिए आई थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तामाक्षी भारद्वाज नाम की छात्रा से मुलाकात की और उसके जन्मदिन के उपलक्ष्य पर केक भी काटा। मुख्यमंत्री ने तामाक्षी को अपने हाथों से केक खिलाया और जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने छात्रा को निरंतर मन लगाकर पढ़ाई करने की समझाईश दी। मुख्यमंत्री ने तामाक्षी से कहा कि अच्छी शिक्षा से ही अपने जीवन के सपनों को साकार किया जा सकता है। तामाक्षी भारद्वाज ने मुख्यमंत्री की सहृदयता की मुक्त कंठ से तारीफ की और विश्वास दिलाया कि वो एक दिन सफल होकर देश की सेवा करेगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
