- जिला प्रशासन द्वारा मतदान केन्द्रों में जनसामान्य के लिए की गई विशेष व्यवस्था
- लोकतंत्र के उत्सव में सहभागी बने बड़ी संख्या में नागरिक
- बुजुर्ग एवं दिव्यांगजन को स्कॉउट-गाईड, एनएसएस के बच्चों ने सेवाभावना के साथ व्हीलचेयर से मतदान केन्द्र तक पहुंचाया
- संगवारी मतदान केन्द्र में मतदान करने पहुंची महिलाएं
- मतदान के लिए दिव्यांग रथ से पहुंचे दिव्यांगजन
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव / खैरागढ़ उपचुनाव में आज 77.88 प्रतिशत मतदान हुआ। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी अनंतिम आंकड़े के अनुसार 77.88 प्रतिशत नागरिकों ने मतदान किया। इनमें 78.92 प्रतिशत पुरुष और 77.74 प्रतिशत महिला मतदाता शामिल हैं। आज दिन भर हुए मतदान के दौरान बुजुर्ग, महिलाओं, दिव्यांग और युवा मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक मतदान किया।
मतदान केन्द्रों में बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। बुजुर्ग और दिव्यांगजनों के लिए स्कॉउट गाईड, एनएसएस के छात्र और कई केंद्रों में पुलिस जवानों ने सेवा भावना के साथ मदद की। उनके लिए व्हीलचेयर और दिव्यांग रथ की व्यवस्था की गई। जिला प्रशासन द्वारा सभी मतदान केन्द्रों में चाक-चौबंद व्यवस्था की गई। कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी तारन प्रकाश सिन्हा मतदान केन्द्रों में जाकर मानिटरिंग करते रहे और व्यवस्था का लगातार निरीक्षण करते रहे।
मतदान केन्द्र क्रमांक 151 ए छुईखदान एवं 230 ए खैरागढ़ को संगवारी मतदान केन्द्र बनाया गया, जहां मतदान दलों में संपूर्ण रूप से महिला अधिकारियों को महिला मतदाताओं से मतदान कराने हेतु ड्यूटी लगाई गई। इन मतदान केन्द्रों में महिलाओं ने बड़ी संख्या में मतदान किया और उन्होंने संगवारी मतदान केन्द्र की प्रशंसा की। 3 आदर्श मतदान केन्द्र बनाए गए थे। मतदान केन्द्र क्रमांक 75 शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला नया भवन कोपेभांठा (मध्य भाग), मतदान केन्द्र क्रमांक 158 शासकीय प्राथमिक शाला भवन लक्ष्मणपुर और मतदान केन्द्र क्रमांक 251 शासकीय हाई स्कूल कामठा आदर्श मतदान केन्द्र में संपूर्ण आवश्यक व्यवस्था की गई थी।

वेब कास्टिंग से मानिटरिंग की सुविधा
150 मतदान केन्द्र में वेब कास्टिंग की सुविधा दी गई, जिसकी मानिटरिंग भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रायपुर, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, रिटर्निंग अधिकारी द्वारा की गई। इस दौरान यह देखा गया कि मतदान केन्द्रों में किसी तरह की अवांछनीय गतिविधियां न हो।
शादी के जोड़े में मतदान करने पहुंचा युवक

ग्राम चोभर के धर्मेन्द्र यादव बारात आते ही शादी के जोड़े में मताधिकार का उपयोग करने मतदान केन्द्र पहुंचे। मतदान जरूरी है, यह संदेश देकर अपने मतदान के कर्तव्य के प्रति उनकी जागरूकता सराहनीय रही।
दिव्यांगजनों का उत्साह एवं जागरूकता रही प्रेरक
खैरागढ़ के 61 वर्षीय दिव्यांग गोपी रजक मतदान केन्द्र मतदान के लिए पहुंचे। जहां जवान ने उनकी मदद की। मतदान के प्रति दिव्यांगजन और बुजुर्गों की जागरूकता प्रेरक है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

