- 23 ट्रेनों को बंद करने का तुगलकी फरमान फौरन रद्द करे रेल मंत्रालय : यात्रियों की सुविधा के लिए सभी ट्रेनों का परिचालन शुरू करें : वोरा
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 23 लोकल ट्रेनों को 24 अप्रैल से एक माह के लिए बंद किये जाने पर स्टेट वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन के चेयरमेन, कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने कड़ा विरोध जताया है। आज डीआरएम दफ्तर में कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल होने के बाद वोरा ने कहा कि बंद की गई 23 ट्रेनों में से अधिकांश ट्रेनें दुर्ग से होकर जाती हैं। वोरा ने जोर देकर कहा कि रद्द की गई ट्रेनों का परिचालन तत्काल शुरू किया जाए।
इससे पहले ट्रेनों को रद्द करने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कड़ी आपत्ति जताई थी। सीएम के निर्देश पर अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष को पत्र लिखकर रदद् की गई ट्रेनों का परिचालन प्रारंभ करने की मांग की थी। इसी सिलसिले में आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम, वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा सहित सैकड़ों कांग्रेसियों ने डीआरएम कार्यालय का घेराव किया और ट्रेनों का परिचालन तत्काल प्रारंभ करने कहा।
वोरा ने कहा है कि रेल मंत्रालय द्वारा एकतरफा तुगलकी फरमान जारी कर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इसके कारण रोजाना अप डाउन करने वाले हजारो छात्र छात्राओं व नौकरी पेशा व व्यसाइयों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समय व आर्थिक नुकसान के साथ ही शादी ब्याह व टूर पर जाने वाले लोग परेशान हैं। इलाज के लिए इन ट्रेनों से सफर करने वाले लोग भी ट्रेनें रद्द होने से परेशान हैं। स्टेशन पर हजारों बुजर्गों, महिलाओं व बच्चों को ट्रेन रद्द होने के कारण परेशानी उठानी पड़ रही है। इन ट्रेनों के परिचालन बंद करने के पहले यात्रियों के लिए किसी प्रकार की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। वोरा ने कहा कि इन सभी ट्रेनों का परिचालन अविलंब प्रारंभ किया जाए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

