Breaking News

वोरा ने किया दुर्ग के गौठान का आकस्मिक निरीक्षण : अव्यवस्था पर नाराजगी जताई : शासन की फ्लैगशिप योजना की कड़ाई से मॉनिटरिंग करने दिये निर्देश

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

दुर्ग / शहर के पुलगांव में स्थित गौठान का आज विधायक अरुण वोरा ने आकस्मिक निरीक्षण किया। गौठान में अव्यवस्था पर विधायक ने जमकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि नगर निगम की करोड़ों की जमीन पर संचालित गौठान को निगम अधिकारियों ने समिति के भरोसे छोड़ दिया है। निरीक्षण के दौरान गौवंश के लिए चारा-पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी। गोबर बेचने के लिए ट्रेक्टर खड़ा मिला। वोरा ने निगम आयुक्त हरेश मंडावी से चर्चा कर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि शासन की फ्लैगशिप योजना की सही मॉनिटरिंग न होने के कारण संचालक समिति द्वारा मनमानी की जा रही है।

वोरा ने कहा कि गोवंश के संरक्षण और स्वास्थ्य एवं पालन पोषण की पर्याप्त निगरानी होनी चाहिए। बतख पालन, गोबर, कंडे, दिये और अन्य उत्पादों की खरीदी बिक्री का कोई भी हिसाब नगर निगम के पास नहीं है। चारे-पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने कोई मापदंड निर्धारित नहीं है। निविदा होने के 6 माह बाद तक लोक निर्माण विभाग द्वारा अभी तक मुख्यमंत्री सुगम सड़क योजना के अंतर्गत सड़क का निर्माण भी प्रारंभ नहीं कराया गया है।

वोरा ने कहा कि सैकड़ों गोवंश की सुरक्षा एक संवेदनशील विषय है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए शेड का निर्माण शीघ्र पूरा होना चाहिए बीमार गोवंश के इलाज और रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। गौठान का संचालन पूरी तरह से शासकीय अधिकारियों की निगरानी में होना चाहिए और आय-व्यय का लेखा-जोखा रखते हुए गोवंश की सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए जाने चाहिए।

वोरा ने कहा कि गोधन न्याय योजना और गौठान योजना राज्य के विकास मॉडल का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसकी पूरे देश में चर्चा हो रही है। उन्होंने निगम आयुक्त को इस मामले पर संज्ञान लेकर व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए। करोड़ों की शासकीय भूमि पर लाखों रुपए की लागत से निर्माण कार्य कराने के बाद निगम द्वारा महिला समूह को सौंप कर खानापूर्ति पूरी कर दी गई है। वोरा के आकस्मिक निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने व्यवस्था सुधारने की बात कही है। निरीक्षण के दौरान पार्षद सतीश देवांगन, काशीराम रात्रे, प्रकाश जोशी, एल्डरमैन राजेश शर्मा, कृष्णा देवांगन, देव सिन्हा, जगमोहन ढीमर, देवेश मिश्रा, राजू भाटिया, शिवकांत तिवारी, प्रकाश गीते व विकास यादव मौजूद थे।

Check Also

आस्था वृद्धाश्रम में नवनिर्मित कार्यालय, पुस्तकालय-भोजनालय का सांसद विजय बघेल ने किया लोकार्पण

THE CG NEWS कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल एवं विशिष्ट अतिथि …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!