- हज यात्रा 2022 के लिए सेंट्रल हज कमेटी ने दी मंजूरी
- हज कमेटी मोहम्मद असलम खान के साथ मुस्लिम समाज ने मुख्यमंत्री का आभार जताया
द सीजी न्यूज
मक्का-मदीना की पवित्र हज यात्रा के लिए छत्तीसगढ़ के सभी आवेदकों के आवेदन मंजूर कर लिए गए हैं। हज यात्रा 2022 के लिए छत्तीसगढ़ राज्य से 431 लोगों ने आवेदन किया है। सेंट्रल हज कमेटी ने सभी हज यात्रियों के आवेदन को मंजूरी दे दी है। छत्तीसगढ़ हज कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद असलम खान और हज यात्रा पर जाने वाले आवेदकों ने सेंट्रल हज कमेटी सहित प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार जताया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व हज कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद असलम खान ने हज यात्रा वर्ष 2022 के लिए चयनित सभी आवेदकों को तहे दिल से मुबारकबाद देते हुए इसे प्रदेश के हज यात्रियों को ईद का तोहफा बताया है।
राज्य कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद असलम खान ने बताया कि हज 2022 के लिए राज्य को इस वर्ष कुल 431 पात्र आवेदन मिले थे। केंद्रीय हज कमेटी द्वारा जनसंख्या के अनुपात में प्रदेश को 167 हज सीट आवंटित किया जाना था। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप उन्होंने केंद्रीय हज कमेटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ से सभी इच्छुक हाजियों को हज यात्रा पर भेजे जाने का आग्रह किया था।
सेंट्रल हज कमेटी ने छत्तीसगढ़ राज्य के इस आग्रह को स्वीकार करते हुए सभी 431 हज यात्रियों को हज यात्रा पर जाने की स्वीकृति दी है।मोहम्मद असलम खान ने आगे बताया कि राज्य हज कमेटी द्वारा केंद्रीय हज कमेटी से प्राप्त दिशा निर्देश अनुसार शीघ्र ही हज यात्रियों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने और हज यात्रियों का प्रशिक्षण व टीकाकरण शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
