- सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर लोगों से लेंगे फीडबैक
- गांवों, तहसीलों, जनपद कार्यालयों, स्कूलों, आंगनवाड़ी व स्वास्थ्य केंद्रों का अवलोकन करेंगे
- विकास योजनाओं की प्रगति का लेंगे जायजा
द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आगामी 4 मई से प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर आमजनों से भेंट-मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान प्रदेश की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का जमीन स्तर पर अवलोकन करेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा प्रदेश के सरगुजा संभाग से शुरू हो रहा है। इसके बाद वे बस्तर संभाग के विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री हर दिन प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के कोई भी तीन गांवों में जाएंगे।
मुख्यमंत्री अपने दौरे में आम लोगों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों से चर्चा करेंगे और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में फीड बैक भी लेंगे। वे दौरे में गांवों, तहसील कार्यालयों, पुलिस थानों, जनपद कार्यालयों, स्कूलों, आंगनबाड़ियों, स्वास्थ्य केंद्रों के कामकाज और सड़क, पानी, बिजली जैसी मूलभूत अधोसंरचनाओं की उपलब्धता का जायजा लेंगे। साथ ही ग्रामीणों, प्रमुख व्यक्तियों और जनप्रतिनिधियों के प्रत्यक्ष भेंट व चर्चा कर उनसे फीडबैक, अभिमत और आवश्यक सुझाव लेंगे। वे उसी विधानसभा क्षेत्र में रात्रि विश्राम करेंगे।
मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन सुबह मीडिया से चर्चा व अन्य लोगों से भेंट के बाद अगले विधानसभा के लिये रवाना हो जायेंगे। मुख्यमंत्री का प्रवास विधानसभा क्षेत्र के जिस ग्राम में होना संभावित होगा, उसकी जानकारी जिला प्रशासन को एक दिन पहले ही उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री के साथ दौरे में स्थानीय विधायक और जिले के प्रभारी मंत्री भी उपस्थित रहेंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
