द सीजी न्यूज
दुर्ग / शिक्षक नगर दुर्ग निवासी वीरेंद्र शर्मा की शादी 27 नवंबर को हुई। उन्होंने अभी तक विवाह प्रमाण पत्र नहीं बनाया था। अचानक मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ट्वीट पर उनका ध्यान गया। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री मितान योजना का शुभारंभ किया था जिसमें प्रमुख नागरिक सेवाओं की घर पहुंच सेवा आरंभ की गई। जिसके तहत घर पहुंचा कर विवाह प्रमाण पत्र देने की सुविधा भी थी। वीरेंद्र ने टोल फ्री नंबर पर फोन किया और अपने विवाह से संबंधित डीटेल जानकारी दी। कुछ ही घंटों में उनका प्रमाण पत्र तैयार हो गया और वीरेंद्र के घर पहुंचा दिया गया।
वीरेंद्र ने बताया कि सब कुछ एकदम तेजी से हुआ। यकीन ही नहीं हुआ कि मुख्यमंत्री मितान योजना के अंतर्गत सेवाएं इतनी तेज मिल सकती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की योजना नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। नागरिक सेवाओं के लिए लोगों का काफी समय बर्बाद होता था, लेकिन अब मितान के माध्यम से और टोल फ्री नंबर के माध्यम से यह सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी। नागरिक सेवाओं की बेहतरी की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।
नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी ने बताया कि निगम प्रशासन मुख्यमंत्री की इस महत्वपूर्ण योजना के क्रियान्वयन के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रहा है। टोल फ्री नंबर पर आवेदन मिलते ही सेवा न्यूनतम समय में देने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसकी लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।
’मुख्यमंत्री मितान योजना’ के तहत नागरिकों को मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाणपत्र, आय प्रमाण पत्र, दस्तावेज़ की नकल, गैर-डिजिटाइज्ड (भूमि रिकॉर्ड आदि की प्रति), मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीकरण और प्रमाणपत्र, जन्म प्रमाणपत्र, दुकान और स्थापना पंजीकरण, जन्म प्रमाणपत्र सुधार, मृत्यु प्रमाणपत्र सुधार, विवाह प्रमाणपत्र सुधार आदि नागरिक सेवाएं घर बैठे मिलेंगी। मुख्यमंत्री की सर्वाेच्च प्राथमिकता वाली इस योजना के तहत प्राप्त सभी आवेदनों पर मुख्यमंत्री मितान योजना के माध्यम से बिना किसी देरी के प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संबंधित आवेदकों को प्रमाण पत्र ’मितान’ द्वारा उनके घर पर प्रदान किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री मितान योजना के जरिए शासकीय सेवाओं का लाभ उठाने के लिए नागरिकों को मितान टोल फ्री नम्बर 14545 पर कॉल करना होगा। फोन कॉल के बाद मितान उनके घर पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज लेंगे और संबंधित कार्यालय से प्रमाण पत्र बनवाकर उनके घर पहुंचाएंगे। कॉल सेंटर पर नागरिकों को शासकीय सेवाओं से संबंधित प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी प्राप्त होगी, जिससे नागरिकों को निर्धारित समय में शासकीय सेवाएं मिलेंगी, उनके समय की बचत होगी और उन्हें कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
