- माटी का संरक्षण करने और धरती को उर्वरा बनाने जैविक व वर्मी कंपोस्ट खाद का उपयोग करने की अपील
द सीजी न्यूज
दुर्ग/ पुलगांव स्थित गोकुल नगर गौठान में अक्ती तिहार और माटी-पूजन दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गौठान परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल, छ.ग राज्य पिछड़ा आयोग के उपाध्यक्ष आरएन वर्मा ने परंपरागत विधि-विधान से पूजा अर्चना कर माटीपूजन किया। विधायक अरुण वोरा ने भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ाने व वर्मी कंपोस्ट का उपयोग कर खेती को समृद्ध बनाने मुख्यमंत्री के संदेश के साथ भुईया माता की रक्षा की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम के अवसर पर नगर निगम के भवन अधिकारी प्रकाश चंद थावनी, स्वास्थ्य अधिकारी गिरीश दीवान, उप अभियंता विनोद मांझी, गौठान संचालन कर रही स्व सहायता समूह की संचालक गायत्री ढोटे, सुरेश भारती समेत अन्य लोग मौजूद थे। इस अवसर पर विधायक व महापौर ने अक्त्ती तिहार की बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दशकों में हमने अपने खेतों में रासायनिक खादों और कीटनाशकों का बहुत ज्यादा उपयोग किया है। इससे हमारी धरती की उर्वरा शक्ति नष्ट हो रही है। अनाज विषैले होते जा रहे हैं। हमारे स्वास्थ्य को नुकसान हो रहा है। पशुओं के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर हो रहा है।
पुरखों के बताए रास्ते पर चलते हुए आज अक्ती के शुभ-दिन से छत्तीसगढ़ में माटी-पूजन महाभियान की शुरुआत कर रहे हैं। इस महाभियान में रासायनिक खादों और कीटनाशकों की जगह जैविक खाद, वर्मी कंपोस्ट और गौ-मूत्र के उपयोग को ज्यादा से ज्यादा बढ़ावा दिया जाएगा। रासायनिक खेती से प्रकृति और मानव जीवन को होने वाले नुकसान को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। अन्न को रसायनों के विष से मुक्त करते हुए लोगों को जैविक अन्न के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
