- सरकार की सुपर स्कीम पर भी जिले के अफसरों का रवैया ढीला
- दुर्ग में मुख्यमंत्री के आगमन पर भेंट-मुलाकात के दौरान शिकायत करेंगे नागरिक
द सीजी न्यूज
दुर्ग शहर में स्वामी आत्मानंद स्कूल प्रारंभ करने के मामले में जिला प्रशासन की ढिलाई नजर आ रही है। एक साल पहले जिला प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर की अध्यक्षता में हुई बैठक में दुर्ग में दो स्कूलों को स्वामी आत्मानंद स्कूल के रूप में अपग्रेड करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन अब तक केवल दीपक नगर स्कूल को ही स्वामी आत्मानंद स्कूल के रूप में अपग्रेड किया गया है। जिला प्रशासन की ढिलाई के कारण दूसरे स्कूल को अपग्रेड करने का मामला लटका है।
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने पटरीपार के सिकोलाभाठा स्कूल, बोरसी के शासकीय स्कूल और नयापारा के चंद्रशेखर आजाद स्कूल में स्वामी आत्मानंद स्कूल खोलने की मांग की। इस संबंध में वोरा की चर्चा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भी हो चुकी है। इसके बावजूद जिला प्रशासन के अफसरों की लापरवाही के कारण दुर्ग शहर को केवल एक स्वामी आत्मानंद स्कूल की सौगात ही मिल पाई है।
हाल ही में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नए सत्र से प्रदेश में 50 नए स्वामी आत्मानंद स्कूल खोलने का ऐलान किया है। सीएम के इस आदेश के आधार पर जिला प्रशासन ने बोरसी में स्वामी आत्मानंद स्कूल खोलने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। दूसरी ओर, साल भर पहले स्वीकृत दो स्वामी आत्मानंद स्कूलों में से एक स्कूल का प्रस्ताव प्रशासन ने पूरी तरह लटका दिया।
विधायक अरुण वोरा का कहना है कि दीपक नगर स्कूल के अलावा चंद्रशेखर आजाद स्कूल, पटरीपार के सिकोला भाठा शासकीय स्कूल और बोरसी स्कूल को स्वामी आत्मानंद स्कूल के रूप में अपग्रेड करने की मांग लगातार की जा रही है। बोरसी में स्वामी आत्मानंद स्कूल की स्वीकृति से यहां के नागरिकों और उनके बच्चों को स्कूल का फायदा मिलेगा। पटरीपार में एक लाख की आबादी के लिए भी स्वामी आत्मानंद स्कूल खोलना जरूरी है।
वोरा ने प्रशासनिक अफसरों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि दीपक नगर और बोरसी के स्कूलों के साथ ही पटरीपार के सिकोलाभाठा स्कूल और चंद्रशेखर आजाद स्कूल को स्वामी आत्मानंद स्कूल के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव शासन को भेजें और इसके लिए जरूरी कार्रवाई तत्काल करें। किसी भी स्तर पर ढिलाई बरती गई तो वे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को इस पूरे मामले से अवगत कराएंगे। वोरा ने कहा कि बड़ी तादाद में शहर के नागरिक इंग्लिश मीडियम स्कूल की मांग कर रहे हैं। जनभावनाओं के अनुरूप प्रशासनिक अधिकारी तत्काल सजग होकर आवश्यक कार्रवाई करें।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
