द सीजी न्यूज
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने आज शिक्षक नगर-लुचकी पारा वार्ड 7 का सघन दौरा करते हुए नागरिक समस्याओं की जानकारी ली। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि लुचकी तालाब का पानी बहुत ज्यादा प्रदूषित हो चुका है। तालाब के पानी में निस्तारी करने से लोगों को चर्म रोग हो रहे हैं। नागरिकों ने तालाब की सफाई फौरन कराने की मांग की। वोरा ने नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इसके लिए आवश्यक पहल की जाएगी।

वार्ड भ्रमण के दौरान महापौर धीरज बाकलीवाल, एमआईसी मेंबर व वार्ड पार्षद मनदीप भाटिया, पार्षद बिजेंद्र भारद्वाज, स्वास्थ्य अधिकारी गिरीश दीवान सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान वोरा ने नगर निगम के अधिकारियों से कहा कि 8 तालाबों की सफाई व सौंदर्यीकरण कार्य के लिए कुल 11 करोड़ रुपए का प्रस्ताव तैयार किया गया है। लुचकी तालाब के लिए 50 लाख रुपए का प्रस्ताव शासन से मंजूर कराते हुए तालाब सफाई सहित आवश्यक कार्य फौरन कराए जाएं।

वार्ड के नागरिकों ने एक और प्रमुख समस्या बताते हुए कहा कि शिक्षक नगर गार्डन और लुचकी तालाब के आसपास जुआं खेलने वालों का जमावड़ा रहता है। सट्टे का अवैध कारोबार भी चल रहा है। नागरिकों ने इन अपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की। वोरा ने तत्काल एसपी को इसकी जानकारी देते हुए अपराधों पर नियंत्रण करने आवश्यक कार्रवाई करने कहा है।
नागरिकों ने बताया कि वार्ड में 3 साल से चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र में करीब 80 छोटे बच्चे आते हैं, लेकिन यहां लाइट नहीं है। आंगनबाड़ी की साफ-सफाई कराना जरूरी है। वोरा ने विभागीय अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिये। वार्ड में हैंडपंप बिगड़े होने की समस्या का भी पता चला। वोरा ने सभी हैंडपंपों को सुधारने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिये हैं।

वोरा ने कहा है कि वार्डों में समस्याओं का निराकरण करने नगर निगम प्रशासन तत्काल हरकत में आए। निगम अधिकारी वार्डों का दौरा करें और नागरिक समस्याओं का समाधान भी तत्काल करें। वोरा ने कहा कि नगर निगम द्वारा जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में सभी नागरिक समस्याओं का निराकरण होना चाहिए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal