द सीजी न्यूज
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कृषि उपज मंडी दुर्ग के अध्यक्ष अश्वनी साहू ने दुर्ग सांसद विजय बघेल के हालिया बयान पर करारा प्रहार किया है। विजय बघेल ने पाटन के भाजपा संगठन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को चुनौती दी थी कि मुख्यमंत्री जहां से चुनाव लड़ेंगे, वहां से वे चुनाव मैदान में उतरने को तैयार हैं। अश्वनी साहू ने कहा कि बार-बार पार्टी बदलने वाले और अपनी ही पार्टी में विवादास्पद स्थिति में रहने के साथ ही 2018 के विधानसभा चुनाव में पाटन से भाजपा प्रत्याशी को अकेले छोड़ चुनाव मैदान से भागने वाले विजय बघेल अब अपनी ताल बजा रहे हैं।
अश्वनी साहू ने कहा कि दुर्ग की जनता ने विजय बघेल पर भरोसा जताते हुए संसद भवन में भेजा है, लेकिन आज तक उन्होंने जनहित का कोई भी मुद्दा नहीं उठाया। सांसद हमेशा मौनी बाबा बने रहते हैं। अगर हिम्मत है तो केंद्र सरकार से कहें कि पूरे भारत में 2500 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी करें।
अश्वनी साहू ने कहा कि अगर छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार अन्नदाता किसानों का कर्जा माफ कर सकती है और 2500 रुपए में धान खरीद सकती है तो केंद्र सरकार ऐसा क्यों नहीं कर सकती? पीएम नरेंद्र मोदी ने देश के अन्नदाता किसानों से माफी मांगते हुए तीन काले कानून को वापस लिया है। तीन कृषि काले कानून के समर्थन में गली-गली घूम कर प्रचार करने वाले विजय बघेल को भी जनता खास तौर पर किसानों से माफी मांगनी चाहिए।
अश्वनी साहू ने कहा कि विजय बघेल ने अनर्गल आरोप लगाते हुए कहा है कि जनता पीड़ित है और भयभीत है। सच ये है कि विजय बघेल स्वयं अपनी ही पार्टी के लोगों से पीड़ित हैं और चुनाव हारने के डर से भयभीत नजर आ रहे हैं। विजय बघेल को अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती नजर आ रही है। मुख्यमंत्री के खिलाफ चुनाव लड़ने का बयान देकर विजय अपनी पार्टी में कद बढ़ाना चाहते है और सुर्खियों में रहना चाहते है।
अश्वनी साहू ने कहा कि विजय बघेल ने महंगाई पर संसद में आवाज नहीं उठाई, छत्तीसगढ़ के जनहित के मुद्दों को पटल पर नहीं रखा। अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए विजय बघेल बिन बादल बरसात और बिना सुर-ताल के ढोल बजाने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी कोशिश कामयाब नहीं होगी, क्योंकि जनता उनकी निष्क्रियता और आम जनता के प्रति बेरुखी को अच्छी तरह समझ चुकी है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

