द सीजी न्यूज
पीडब्लूडी विभाग के अफसरों की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। 64 करोड़ की लागत से जीई रोड के उन्नयन और सौंदर्यीकरण कार्य में जमकर लापरवाही बरतने वाले पीडब्लूडी अफसरों ने रजिस्ट्री कार्यालय का विस्तार कार्य भी कई महीनों से बंद कर दिया है। कार्यालय परिसर में तीन माह पहले खोदाई करने के बाद निकले मिट्टी के ढेर को सड़क पर लापरवाही से डंप करने से आवागमन लगभग बंद हो गया है। हालत इतनी बदतर है कि इस रोड पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। लोग अक्सर यहां गिरकर चोटग्रस्त हो रहे हैं। इसके बावजूद पीडब्लूडी अफसरों को जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है।
लगभग 4 माह पहले रजिस्ट्री कार्यालय में 39 लाख रुपए की लागत से विस्तारीकरण कार्य शुरू किया गया है। मिट्टी की खोदाई के बाद पिछले 3 माह से काम रोक दिया गया है। भाजपा कार्यालय और रजिस्ट्री कार्यालय के बीच से गुजरने वाली रोड पर मिट्टी डंप होने से आवागमन बंद है। इसी रोड से होकर लोग सीधे दवे पेट्रोल पंप से होते हुए जीई रोड पहुंचते हैं। विभाग की लापरवाही के कारण यह मार्ग बंद पड़ा है।
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा को इस मामले की जानकारी मिलने पर आज उन्होंने रजिस्ट्री कार्यालय के विस्तारीकरण कार्य का निरीक्षण किया। लेटलतीफी और रोड पर डंप मिट्टी के ढेर से होने वाली परेशानी पर वोरा ने नाराजगी जताई। वोरा ने पीडब्लूडी अफसरों से कहा है कि बारिश शुरू होने पर सड़क पर डंप की गई मिट्टी के ढेर से पैदल चलने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। वोरा ने कहा कि विस्तारीकरण कार्य तेजी से पूरा किया जाना चाहिए और मिट्टी को व्यवस्थित तरीके से डंप करने की व्यवस्था भी तत्काल होनी चाहिए। ताकि, आवागमन में लोगों को दिक्कत न हो। इस दौरान महापौर धीरज बाकलीवाल भी मौजूद थे।
डिस्ट्रिक्ट रजिस्ट्रार कुमार भूआर्य ने बताया कि इस समस्या को लेकर तीन बार पीडब्लूडी के ईई को पत्र लिख चुके हैं। इसके बावजूद न तो निर्माण कार्य में गति आई है न मिट्टी के ढेर को व्यवस्थित करने का काम किया गया है। यहां रजिस्ट्री कराने आने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह कार्य शीघ्र पूरा किया जाना चाहिए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

