• अभ्यर्थियों द्वारा नाम निर्देशन दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 मई 
  • 10 जून को सबेरे 9 बजे से शाम साढ़े 4 बजे तक होगा मतदान 

द सीजी न्यूज 

राज्यसभा द्विवार्षिक निर्वाचन-2022 के तहत छत्तीसगढ़ में रिक्त होने वाली दो राज्यसभा सदस्यों के निर्वाचन के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आज अधिसूचना जारी कर दी गई है। छत्तीसगढ़ राज्य के लिए राज्यसभा के कुल 5 सीटों में से दो राज्यसभा सदस्य रामविचार नेताम और छाया वर्मा का कार्यकाल 29 जून 2022 को समाप्त होने जा रहा है। राज्यसभा की रिक्त होने वाली इन दो सीटों के लिए राज्यसभा निर्वाचन के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 24 मई को अधिसूचना जारी कर दी गई है।


भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली द्वारा जारी राज्यसभा द्विवार्षिक कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थियों द्वारा नाम निर्देशन दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 मई (मंगलवार) को निर्धारित की गई है। नाम निर्देशन पत्रों की जांच 1 जून बुधवार को होगी। अथ्यर्थियों द्वारा नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 3 जून शुक्रवार तय की गई है। 10 जून शुक्रवार को सबेरे 9 बजे से शाम 4.30 बजे तक मतदान होगा। मतगणना 10 जून को ही शाम 5 बजे से होगी।
जारी अधिसूचना के अनुसार नाम-निर्देशन पत्र 31 मई तक सबेरे 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक (लोक अवकाश के दिवसों को छोड़कर) छत्तीसगढ़ विधानसभा में रिटर्निंग ऑफिसर सचिव छत्तीसगढ़ विधानसभा को प्रस्तुत किए जा सकेंगे। राज्यसभा द्विवार्षिक निर्वाचन के लिए राज्य में कुल 90 विधानसभा सदस्यों में से इंडियन नेशनल कांग्रेस के 71, भारतीय जनता पार्टी के 14, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे.) के 3 और बहुजन समाज पार्टी के 2 सदस्यों द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया जाएगा। मतदान मत्र पत्रों के जरिए होगा।