Breaking News

जनसामान्य से रूबरू होने साइकिल पर निकले महापौर : चार वार्डों का दौरा किया

  • नागरिकों की समस्याएं सुनी : नगर निगम के निर्माण कार्यों का जायजा लिया
  • पहले दिन चरोदा रेलवे कालोनी के चार वार्डों का किया भ्रमण

द सीजी न्यूज 

भिलाई-3 / भिलाई – चरोदा नगर निगम के महापौर निर्मल कोसरे ने आज सुबह चार वार्डों का दौरा किया। साइकिल पर सवार होकर महापौर ने चारों वार्डों में जन सामान्य से रूबरू होकर समस्याएं सुनी और निगम के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। पहले दिन महापौर ने एमआईसी सदस्यों और कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ साइकिल चलाते हुए चरोदा रेलवे कालोनी के वार्ड 29, 28, 27 व 26 का भ्रमण किया।

 

महापौर निर्मल कोसरे का साइकिल भ्रमण उनके दक्षिण वसुंधरा नगर निवास से शुरू हुआ। सबसे पहले उन्होंने मानसून पूर्व सफाई के लिए वसुंधरा नगर उद्यान के पास से बहने वाले नाले का निरीक्षण किया। इसके बाद चरोदा जीआरपी चौकी के पीछे खेलकूद में सक्रिय युवाओं से मुलाकात कर उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। खेल मैदान में क्रिकेट के लिए सीमेंट पिच बनाने की मांग पर महापौर ने रेलवे के अधिकारियों से चर्चा करने का आश्वासन दिया।

महापौर निर्मल कोसरे वार्ड क्रमांक 29 के राजीव नगर पहुंचे। उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निगम के माध्यम से रेलवे कालोनी के इलाके में अनुबंध के बाद होने वाले डोर टू डोर कचरा कलेक्शन की रूपरेखा तय करने की तैयारी के निर्देश दिये। वार्ड क्रमांक 28 और 27 में निर्माम कार्यों की गुणवत्ता का निरीक्षण भी किया। रेलवे इंस्टीट्यूट में अभ्यास कर रहे फुटबॉल खिलाड़ियों से चर्चा की। खिलाड़ियों ने महापौर से फुटबॉल टूर्नामेंट कराने की मांग रखी।

महापौर निर्मल कोसरे ने वार्ड 26 इंदिरा नगर में सियान सदन के पास बने गार्डन में नहर के सीपेज का पानी भरने से मार्निंग वॉक में हो रही दिक्कत का जायजा लिया। महापौर ने सिंचाई विभाग से चर्चा कर नहर के किनारे छोटा सा तालाब बनाकर सीपेज के पानी को गार्डन तक आने से रोकने की पहल करने का आश्वासन दिया। एक महिला ने महापौर को रोककर श्रमिक कार्ड होने के बावजूद बीपीएल राशन कार्ड न बनने की समस्या से अवगत कराया। महापौर ने भौतिक सत्यापन कर महिला के नाम पर राशनकार्ड जारी करने के निर्देश अधिकारियों को दूरभाष पर दिये।

इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष मनोज मढरिया, एमआईसी मेंबर मोहन साहू, एस वेंकट रमना, एम जॉनी, मनोज डहरिया, पार्षद टेनेन्द्र ठाकरे, डे साहब वर्मा, महामंत्री पप्पू चंद्राकर, मोहम्मद अमीर, शरद कुमार डोरा, एम बाबूराव, युवराज कश्यप, अरमान अहमद, उमेश वर्मा उपस्थित थे।

हर शनिवार व रविवार को साइकिल भ्रमण
महापौर निर्मल कोसरे ने बताया कि प्रत्येक शनिवार और रविवार को वे साइकिल से वार्ड भ्रमण पर निकलेंगे। इसकी शुरूआत आज से हुई है। निगम के सभी 40 वार्ड की जनता से उन्हें रूबरू मुलाकात का अवसर मिलेगा। आगामी सप्ताह भिलाई-3 के वार्डों में जाएंगे। सुबह के वक्त साइकिल भ्रमण से ज्यादा से ज्यादा लोगों से मुलाकात हो सकेगी।  विकास को लेकर लोगों के सुझावों और समस्याओं को देखने समझने में आसानी होगी। जहां निर्माण कार्य चल रहे हैं, उनका निरीक्षण भी किया जा सकेगा।

Check Also

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव : केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने 36 विभूतियों-संस्थाओं को राज्य अलंकरण से किया सम्मानित

  राज्योत्सव के समापन समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!