द सीजी न्यूज
सड़क डामरीकरण कार्य में गड़बड़ी और गुणवत्ता ठीक न होने के कारण विधायक अरुण वोरा की नाराजगी के बाद नगर निगम के अफसरों ने सिकोलाभाठा में डामरीकरण कार्य की जांच की है। वोरा ने शुक्रवार को सुबह सिकोलाभाठा वार्ड में हुए डामरीकरण कार्य का निरीक्षण किया था। डामरीकरण की पतली परत बिछाने का खुलासा होने के बाद वोरा ने सख्त नाराजगी जताई। वोरा ने निगम कमिश्नर हरेश मंडावी से कहा कि विकास कार्यों की क्वालिटी बेहतर रखने मॉनिटरिंग करना जरूरी है।

कमिश्नर के निर्देश पर नगर निगम के ईई राजेश पांडेय सहित अन्य इंजीनियरों ने ठेकेदार के साथ डामरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जांच टीम ने यह माना कि डामरीकरण का कार्य संतोषजनक नहीं है। जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर नए सिरे से डामरीकरण कार्य कराया जाएगा।

इधर, वोरा ने उरला में तालाब के पास और फरिश्ता कॉम्पलेक्स के पास सड़क डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता जांचने के निर्देश दिये हैं। वोरा ने कहा कि दुर्ग शहर में करोड़ों रुपए की लागत से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। विकास के लिए मिली राशि का सदुपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्वक निर्माण कार्य कराए जाएं। वोरा ने कहा कि वे स्वयं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने आकस्मिक निरीक्षण करेंगे। गड़बड़ी पाए जाने पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal