- पूर्व विधायक प्रदीप चौबे के निवास के सामने भी भर गया पानी
- वोरा ने कलेक्टर को शहर में जलभराव के हालात की जानकारी दी
- निगम अफसरों को समस्या का स्थायी समाधान करने दिये निर्देश
द सीजी न्यूज
लगातार तीन घंटे तक मूसलाधार बारिश से दुर्ग शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। नाले और नालियों की सफाई के बावजूद अधिकांश बस्तियों और कालोनियों में पानी भरने की शिकायत मिलने के बाद वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने शहर के प्रभावित इलाकों का दौरान किया। पूर्व विधायक प्रदीप चौबे के निवास के चारों ओर पानी भरने की जानकारी मिलने पर वोरा केलाबाड़ी पहुंचे। यहां सड़कों व गलियों में पानी भर जाने के कारण कई वाहन चालक सड़क पर ही गिर गए। वोरा ने इस मामले को लेकर कलेक्टर से फोन पर चर्चा करते हुए तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने कहा।
लगातार बारिश के कारण शहर पानी-पानी हो गया। वोरा ने बताया कि शहर के कई इलाकों का दौरा किया है और निगम अमले को तत्काल पानी निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिये गए हैं। केलाबाड़ी में भी जलभराव की स्थिति रही। इसी वार्ड में पूर्व विधायक प्रदीप चौबे के निवास के सामने पानी भरने की समस्या देखने पहुंचे वोरा ने नगर निगम के अफसरों को तत्काल पानी निकासी की व्यवस्था करने कहा। वोरा ने कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा से भी इस संबंध में चर्चा की। कलेक्टर ने कहा है कि जलभराव वाले स्थानों पर पानी निकासी की बेहतर व्यवस्था की जाएगी। समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा।
नदी-नालों के जलस्तर पर 24 घंटे नजर रखें : पानी निकासी सहित आपदा प्रबंधन की सभी तैयारियां करें
वोरा ने नगर निगम के कमिश्नर समेत आपदा प्रबंधन दस्ते से जुड़े अधिकारी कर्मचारियों को तेज बारिश होने पर जलभराव की शिकायत मिलने पर तत्काल निकासी के इंतजाम करने कहा है। वोरा ने कहा कि नागरिकों के घर पर पानी भरने की नौबत आने पर तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने जुट जाएं। वोरा ने नदी-नालों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने और इनके आसपास के इलाकों में पानी भरने या बाढ़ जैसे हालात होने पर तत्काल आपदा प्रबंधन की चाक चौबंद व्यवस्था करने के निर्देश भी दिये हैं। वोरा के शहर भ्रमण के दौरान नंदू महोबिया, संदीप वोरा भी मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal


