- स्व दाऊ वासुदेव चन्द्राकर जी अनुभव का सागर, सदैव याद रखी जाएगी उनकी गाथा
द सीजी न्यूज
दुर्ग/ आज हरेली त्यौहार के अवसर पर मालवीय नगर चौक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्व. दाऊ वासुदेव चंद्राकर की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें छत्तीसगढ़ की माटी का कृष्ण कहा। उन्होंने कहा कि जब उनके नाम में ही वासुदेव है और वासुदेव का दूसरा नाम कृष्ण है तो इससे बेहतर उनका परिचय नहीं हो सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. वासुदेव चंद्राकर को छत्तीसगढ़ की राजनीति का आधार स्तंभ माना जाता है। वैसे तो वासुदेव चंद्राकर 14 वर्ष की आयु से ही स्वतंत्र भारत के स्वप्न को पूरा करने के लिए स्वतंत्रता पूर्व विभिन्न आंदोलनों का हिस्सा रहे और छत्तीसगढ़ की स्थापना में उनका विशेष योगदान रहा। उनकी छवि हमेशा से किसान हितैषी रही है। किसानों के हितों पर कभी समझौता न करने वाले स्व. चंद्राकर खुद भी खेती-किसानी की बहुत अच्छी समझ रखते थे। अपने जीवन काल में उन्होंने छत्तीसगढ़ की संस्कृति और सभ्यता में प्राणवायु भरने का कार्य किया है। छत्तीसगढ़ में उन्हें हमेशा किसान और मजदूरों के संगठन व उत्थान के लिए कार्य करने के कारण उनके प्रिय नेता के रूप में याद किया जाएगा।
उन्होंने अपने राजनीतिक गुरु स्व. दाऊ वासुदेव चंद्राकर के विचारों और कार्यों को याद करते हुए कहा कि उनके बिना राजनीति के अध्याय की कल्पना नहीं की जा सकती। जनता का विश्वास उनके लिए सर्वोपरि था, वे नैतिकता को ताक पर रखकर कभी भी कोई कार्य नहीं करते थे। उन्होंने हमेशा अपने कार्यकर्ता, आम जनता, मजदूरों और किसानों के हित में अपनी आवाज बुलंद की है। उन्होंने स्व. दाऊ वासुदेव चंद्राकर को उनके जीवन का पथप्रदर्शक भी बताया।
इस अवसर पर पूर्व साडाध्यक्ष लक्ष्मण चंद्राकर, पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में स्व. दाऊ वासुदेव चंद्राकर की प्रतिमा बनाने वाले मूर्तिकार पद्मश्री नेलसन, आर्किटेक्ट शंभू ताम्रकार, मोहन बराल और इंजीनियर किशोर शिंदे का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, विधायक अरूण वोरा, पूर्व विधायक प्रदीप चौबे, आर.एन. वर्मा, महापौर धीरज बाकलीवाल, सभापति राजेश यादव, एमआईसी मेंबर ऋषभ जैन, अब्दुल गनी, संजय कोहले, पार्षद बबीता यादव, संदीप वोरा, संभागायुक्त महादेव कावरे, कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा, आईजी बद्रीनारायण मीणा व एसपी डा. अभिषेक पल्लव, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे के साथ अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

