द सीजी न्यूज 

परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर की अध्यक्षता में 1 अगस्त को छत्तीसगढ़ राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक ली जाएगी। बैठक नवा रायपुर मंत्रालय स्थित महानदी भवन के कक्ष क्रमांक – एस-0-12 में दोपहर 1 बजे से आयोजित की गई है। बैठक में गृह एवं लोक निर्माण मंत्री  ताम्रध्वज साहू, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, वरिष्ठ विधायक अरुण वोरा, संसदीय सचिव शिशुपाल सिंह सोरी, संसदीय सचिव चन्द्रदेव प्रसाद राय सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहेंगे।

बैठक में राज्य में सुगम यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। पूर्व में चिन्हित ब्लैक स्पॉट का सुधार, नये ब्लैक स्पॉट की पहचान और सुधार कार्य की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। ओव्हर लोड वाहनों पर कार्यवाही, स्कूल बसों की जांच व कार्यवाही, नये मोटरयान अधिनियम के क्रियान्वयन की अद्यतन स्थिति, ड्रायविंग लायसेंस का निलंबन, निरस्तीकरण, सड़क सुरक्षा और दुर्घटना रोकने के अन्य उपाय, दुर्घटना के शिकार लोगों के त्वरित उपचार हेतु व्यवस्था आदि के संबंध में भी चर्चा की जाएगी।

राज्य में विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के लिए जागरूकता और सजगता के उन्नयन के लिए कार्यक्रम, स्कूल बस संचालन में मानक व्यवस्था स्थापित करने संबंधी कार्यवाही, विभागीय नोडल एजेंसी द्वारा भविष्य में सड़क सुरक्षा समीक्षा के कार्यक्रम, योजना, वर्तमान में सड़क सुरक्षा परिदृश्य और यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूकता अभियान के संबंध में भी चर्चा की जाएगी।