- पुराने पुल से आवागमन रोकने बेरिकेडिंग की पुख्ता व्यवस्था के साथ बेहतर प्रकाश व्यवस्था जरूरी
- बचाव दल अलर्ट रहें : बाढ़ की स्थिति में तत्काल मदद देने की व्यवस्था करे प्रशासन : वोरा
द सीजी न्यूज
शिवनाथ नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। महमरा एनीकट से इस समय 12 फीट ऊपर पानी बह रहा है। रात में नदी का जलस्तर और बढ़ने की संभावना है। कई स्थानों पर नदी का पानी खेतों में भरने लगा है। जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन ने नदी के आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। आज वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने आज शिवनाथ नदी पर जलस्तर बढ़ने की खबर के बाद नदी तट का जायजा लिया। वोरा ने राजनांदगांव मार्ग पर पुराने पुल के ऊपर पानी बहने के बाद पुलिस अधीक्षक से यहां सुरक्षा बेरिकेड्स बढा़कर आवागमन पर पूरी तरह रोक लगाने कहा है।
विधायक अरुण वोरा ने कहा कि सुरक्षात्मक बेरिकेड्स की व्यवस्था बेहतर तरीके से होनी चाहिए। बेरिकेडिंग अच्छी तरह होनी चाहिए। वोरा ने कहा कि पुराने पुल के आसपास बेहतर प्रकाश व्यवस्था रखी जाए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने कहा है ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना को रोका जा सके। वोरा ने आपदा प्रबंधन टीम को अलर्ट रहने के निर्देश दिये हैं।
वोरा ने बाढ़ की स्थिति होने पर बचाव कार्य के अलावा लोगों को सुरक्षित स्थान पर ठहराने और भोजन सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं रखने के निर्देश दिये हैं। निरीक्षण के दौरान महापौर धीरज बाकलीवाल, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष आरएन वर्मा, शिशिरकांत कसार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
प्रशासन ने सतर्कता बरतने और जलस्तर बढ़ने पर आपदा प्रबंधन की सभी तैयारियां रखने के निर्देश दिये गए हैं। जल संसाधन विभाग के ईई सुरेश पांडे ने बताया कि महमरा एनीकट के जलस्तर से इस समय 12 फीट ऊपर पानी बह रहा है। मोगरा जलाशय से सुबह 62 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। अब इसमें कमी आई है। करीब 53 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके बावजूद जलाशय से छोड़ा गया पानी दुर्ग के तट तक पहुंचने पर पानी का बहाव और बढ़ सकता है। इसे देखते हुए दनिया, बोरी, पुलगांव व आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

