Breaking News

सप्ताह में तीसरी बार शाम को नहीं खुले नल : वोरा ने पानी सप्लाई ठप होने पर अफसरों को किया जवाबतलब

  • बार बार पानी सप्लाई में रुकावट न आए : स्थायी समाधान निकालें अधिकारी 

द सीजी न्यूज 

हफ्ते में तीसरी बार शहर की पानी सप्लाई व्यवस्था ठप होने पर वरिष्ठ विधायक अरुण वोरा ने सख्त नाराजगी जताई है। वोरा ने निगम अफसरों से कहा है कि पानी सप्लाई की व्यवस्था में बार-बार रुकावट की स्थिति नहीं आनी चाहिए।  नागरिकों को सुबह और शाम के समय नियमित रूप से पानी सप्लाई करने की पुख्ता व्यवस्था निगम प्रशासन करे। वोरा से शिवपारा, उरला सहित कई वार्डों के नागरिकों ने शाम के समय नल न खुलने की समस्या बताई। इसके बाद वोरा ने निगम अफसरों को जवाबतलब किया।

अधिकारियों ने बताया कि बारिश के मौसम में इंटेकवेल में जलकुंभी या कचरा इंटेकवेल में फंस रहा है। इसके कारण पानी सप्लाई में बाधा आ रही है। पुलगांव नाला डायवर्सन का काम होने पर यह समस्या नहीं रहेगी। वोरा ने इस समस्या का समाधान तत्काल करने के निर्देश दिये। वोरा ने कहा कि नागरिकों को पानी सप्लाई  की समस्या नहीं होनी चाहिए।

विधायक ने इंटकवेल का निरीक्षण किया   

वोरा ने कहा कि दुर्ग शहर में पानी सप्लाई व्यवस्था पर अरबों रुपए की योजनाएं पूरी हो चुकी है। अब बार-बार पानी सप्लाई में रुकावट नहीं आनी चाहिए। वोरा ने नल घर से अधिकारियों की टीम लेकर महमरा तट पर स्थित इंटेकवेल में पहुंचे। बताया गया कि कचरा फंसने के कारण 6 में से 2 मोटर बन्द होने के कारण पर्याप्त पानी फिल्टर प्लांट नहीं पहुँच रहा है। इसके कारण ओवरहेड टैंक भरने में दिक्कत हो रही है। वोरा ने कहा कि कचरा फंसने की समस्या से बचाव का समाधान निकालें ताकि बार-बार पानी सप्लाई बंद करने की नौबत न आए। निरीक्षण के दौरान वोरा के साथ पूर्व महापौर आरएन वर्मा, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष अजय मिश्रा, जल कार्य विभाग के अधिकारी आरके जैन, जल कार्य निरीक्षक नारायण ठाकुर मौजूद थे।

Check Also

रायपुर में 7-8 अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेला, 8 हजार से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती

रायपुर के इंडोर स्टेडियम में लगेगा मेला, युवाओं को मुख्यमंत्री के हाथों मिलेंगे ऑफर लेटर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!