द सीजी न्यूज 

मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में मरीजों के लिए दान स्वरूप निर्मित आश्रय भवन ‘दाई कोरा‘ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने दानदाता की सराहना करते हुए कहा कि यह मानव समाज के हित में प्रशंसनीय और अनुकरणीय कार्य है। उन्होंने आश्रय भवन दाई कोरा में ठहरने वाले मरीज के परिजनों के लिए भोजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने कहा।

सीएमएचओ कार्यालय

गौरतलब है कि भरत वर्मा और गंगोत्री वर्मा द्वारा अपनी पुत्री स्व. स्मृति गुंजन बघेल और पुत्र स्व. राकेश वर्मा की स्मृति में डी. के. एस. अस्पताल में आने वाले मरीजों के परिजनों के ठहरने और विश्राम के लिए 12 बेड ‘दाई कोरा‘ नाम से आश्रय भवन का निर्माण कराया गया है। यह भवन सर्व-सुविधायुक्त है, जिसमें पीने के पानी के लिए आर.ओ. फिल्टर युक्त स्वच्छ जल की व्यवस्था है। सर्वसुविधायुक्त महिला व पुरुष कक्ष का निर्माण किया गया है। महिलाओं के लिये 6 बिस्तर और पुरूषों के लिये 6 बिस्तर युक्त कक्ष है। अलग से प्रत्येक इकाई में अटैच रूम में नहाने के लिए बाथरूम व टायलेट की व्यवस्था है।

 आश्रय भवन

गर्मियों से राहत के लिए कूलर की व्यवस्था भी की गई है। भवन के प्रथम तल में चिकित्सकों और पैरामेडिकल विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए कक्ष का निर्माण कराया गया है। इसे विभाग को दैनिक उपयोग के लिए दान दिया जा रहा है। भवन की कुल लागत 45.50 लाख है। जिसका खर्च भरत वर्मा द्वारा वहन किया गया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, रायपुर की मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मीरा बघेल ने भरत वर्मा और गंगोत्री वर्मा के प्रति आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री टी.एस. सिंहदेव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े। विधायक सत्यनारायण शर्मा, कुलदीप जुनेजा, महापौर एजाज ढेबर, कलेक्टर डॉक्टर सर्वेश्वर भुरे, सीएमएचओ डॉ. मीरा बघेल, जनप्रतिनिधिगण व विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।