द सीजी न्यूज
दुर्ग/ शहर के वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा और महापौर धीरज बाकलीवाल ने आज फिर बाढ़ प्रभावित परिवारों की सुध लेते हुए उनके भोजन, ठहरने की व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधा का जायजा लिया। वोरा ने कलेक्टर से चर्चा करते हुए बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे कराने और मुआवजा व सहायता राशि देने की कार्रवाई शीघ्र करने कहा है। वोरा ने कहा है कि कच्चे मकानों की दीवारें टूटने सहित अन्य नुकसान हुआ है। सहायता राशि व मकान बनने तक शिविर में रहने वाले लोगों के भोजन आदि की व्यवस्था प्रशासन की ओर से की जानी चाहिए।
सामुदायिक भवन में ठहरे प्रभावित परिवारों के सदस्यों ने विधायक को बताया कि रात में एक बच्ची को बुखार आ गया था। वोरा के निर्देश पर यहां स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में सभी लोगों के स्वास्थ्य की जांच के बाद एक बुजुर्ग को तेज दर्द की शिकायत होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। शिविर में रहने वाले लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाईयां दी गई। प्रभावित परिवारों से मुलाकात के दौरान एमआईसी मेंबर संजय कोहले, एल्डरमेन राजेश शर्मा, नासिर खोखर, विवेक मिश्रा मौजूद थे।
नगर निगम से हो रही है नाश्ता-भोजन की व्यवस्था : महापौर
इधर, महापौर धीरज बाकलीवाल भी अधिकारियों के साथ प्रभावित परिवारों के लिए भोजन के पैकेट लेकर वार्ड 55 पुलगांव के सामुदायिक भवन पहुंचे। महापौर ने लोगों को भोजन पैकेट का वितरण किया। इस दौरान वार्ड पार्षद हेमेश्वरी निषाद, प्रभारी कार्यपालन अभियंता एसडी शर्मा, भवन अधिकारी प्रकाश चंद थवानी, सहायक भवन अधिकारी गिरीश दीवान, उपअभियंता मोहित मरकाम, तनिष पाटनी मौजूद थे।
महापौर ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के सदस्यों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना। महापौर ने कहा कि किसी भी चीज की जरूरत होने पर जानकारी दें। आवश्यक चीजें उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों को हिम्मत देते हुए कहा कि वे चिंता न करें। नगर निगम सभी प्रभावित परिवारों के साथ है। धीरे-धीरे काफी हद तक जलस्तर सामान्य हो गया है। पिछले चार दिनों से बाढ़ प्रभावित परिवारों को भोजन के साथ-साथ अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई। महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि प्रभावित परिवारों को दोनों समय भोजन की व्यवस्था नगर निगम द्वारा की जा रही है। सुबह के समय नाश्ता आदि की व्यवस्था भी की जा रही है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal




