- घर-घर शौचालय बनाने में दुर्ग नगर निगम के अव्वल रहने के कारण ओडीएफ प्लस-प्लस शहर बना दुर्ग : आयुक्त
द सीजी न्यूज
दुर्ग/ नगर निगम दुर्ग के नाम एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। केंद्र सरकार ने दुर्ग शहर को ओडीएफ प्लस-प्लस का दर्जा दिया है। खुले में शौच प्रथा को बंद करने और सार्वजनिक स्थलों सहित निगम क्षेत्र के सभी 60 वार्डों में घर-घर शौचालय बनाने में दुर्ग नगर निगम अव्वल रहा। इसी का नतीजा है कि दुर्ग शहर को ओडीएफ प्लस-प्लस शहर का दर्जा मिला।
ओडीएफ प्लस-प्लस का दर्जा देने से पहले केंद्र सरकार की स्वतंत्र एजेंसी द्वारा दुर्ग क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन विकास विभाग ने केंद्र सरकार की एजेंसी द्वारा किये जाने वाले निरीक्षण से पहले सभी निगमों के आयुक्तों और नगर पालिका व नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को अल्टीमेटम देते हुए ओडीएफ प्लस प्लस के कार्यों को गंभीरता से लेने को कहा था। इस कार्य में दुर्ग निगम के स्वास्थ्य विभाग के साथ ही उपअभियंताओं और निगम कर्मचारियों द्वारा ओडीएफ प्लस प्लस के कार्यों की निगरानी में काम किया गया।
दुर्ग निगम के सामुदायिक शौचालयों की जांच अलग-अलग कैटेगरी में केंद्र सरकार की स्वतंत्र जांच एजेंसी द्वारा किया गया। इसके आधार पर दुर्ग नगर निगम को यह रैंक मिला है। महापौर धीरज बाकलीवाल और निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने कहा कि दुर्ग क्षेत्रवासियों के सहयोग से ही ओडीएफ प्लस-प्लस का दर्जा मिला है। महापौर व आयुक्त ने इसके लिए शहरवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि दुर्ग निगम को ओडीएफ प्लस-प्लस का दर्जा दिलाने में सभी का योगदान रहा है। सर्वेक्षण का उद्देश्य मुख्यता खुले में शौच को पूरी तरह से प्रतिबंध करना था।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
