द सीजी न्यूज
छत्तीसगढ़ सरकार ने 11 वीं और 12 वीं के स्टूडेंट्स में देशभक्ति का जज्बा पैदा करने गांधी फिल्म का प्रदर्शन आज से शुरू कर दिया। यह फिल्म सिनेमाघरों के अलावा स्मार्ट क्लास में दिखाई जा रही है। रिचर्ड एटनबरो की फिल्म “गांधी’ के माध्यम से युवा पीढ़ी को आजादी का इतिहास की जानकारी देने के लिए अगले 10 दिनों तक 11 वीं और 12 वीं क्लास के साढ़े 5 लाख छात्रों को यह फिल्म दिखाई जाएगी। जहां आसपास थिएटर उपलब्ध नहीं हैं, वहां स्मार्ट क्लास में प्रोजेक्टर के जरिए यह फिल्म दिखाई जाएगी।

आज भिलाई में पीवीआर सिनेमा में फिल्म का प्रदर्शन किया गया। समें वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा, स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत समग्र शिक्षा के प्रबंध संचालक नरेंद्र दुग्गा, जिला पंचायत के सीईओ अश्विनी देवांगन, डीईओ अभय जायसवाल, एल्डरमेन राजेश शर्मा सहित डेढ़ सौ से ज्यादा स्टूडेंट्स ने फिल्म देखने पहुंचे।
स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत समग्र शिक्षा के प्रबंध संचालक नरेंद्र दुग्गा ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर यह आयोजन आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हमर तिरंगा अभियान के माध्यम से हो रहा है। स्कूलों में यह 20 से 30 अगस्त के बीच फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। कल से दुर्ग के सभी टाकीजों में एक शो में गांधी फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा स्कूलों में भी विभिन्न प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में देशभक्ति की भावना का प्रचार किया जाएगा।
फिल्म गांधी देखकर युवा वर्ग में देशभक्ति का जज्बा पैदा होगा : वोरा
महात्मा गांधी के विचार और व्यक्तित्व का सशक्त चित्रण गांधी फिल्म में किया गया है। स्वतंत्रता आंदोलन में महात्मा गांधी के त्याग और बलिदान के साथ ही उनके विचारों का अद्भुत चित्रण किया गया है। इस फिल्म को देखकर 11 वीं और 12 वीं के छात्रों को पता चलेगा कि आजादी कितने संघर्षों के बाद मिली और ब्रिटिश हुकूमत के दौरान अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों को कितना त्याग और बलिदान देना पड़ा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना पैदा करने के उद्देश्य से गांधी फिल्म का प्रदर्शन किया जा रहा है। निश्चित रूप से इस अभियान के सार्थक परिणाम निकलेंगे।
फिल्म का निशुल्क प्रदर्शन होगा
स्टूडेंट्स को यह फिल्म नि:शुल्क दिखाई जाएगी। जिले में उपलब्ध थियेटर में फिल्म के प्रदर्शन के साथ ही उनके आस-पास के स्कूलों को मैपिंग करते हुए थियेटर में बैठक क्षमता के आधार पर रोस्टर तय होगा। स्कूल प्रबंधन को विद्यार्थियों को शो के लिए समय पर लाने की व्यवस्था करने के लिए निर्देश दिये गए हैं। रोस्टर इस प्रकार बनाया जा रहा है कि अधिकतम बच्चों को इस फिल्म को देखने का अवसर मिल सके।
15 अगस्त को देश की स्वतंत्रता के 75 साल पूरे हो चुके हैं। छत्तीसगढ़ में ‘हमर तिरंगा’ के नाम से कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जिसके तहत आम जनों में देशभक्ति की भावना का प्रचार-प्रसार करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गए। राज्य के सभी नागरिकों में देशभक्ति की भावना का संचार करने और आजादी के संघर्ष और बरसों तक चले आंदोलन के दौरान अमर बलिदानियों की गाथा से अवगत कराने के लिए इस फिल्म का प्रदर्शन किया जा रहा है।
1982 में प्रदर्शित इस फिल्म का निर्देशन प्रख्यात निर्देशक रिचर्ड एटनबरो ने किया। इसमें प्रख्यात ब्रिटिस अभिनेता बेन किंग्सले ने महात्मा गांधी की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म ने विश्व के सबसे प्रतिष्ठित आठ अकादमी अवॉर्ड जीते थे। तीन अन्य केटेगरी में इस फिल्म का नॉमिनेशन किया गया। गांधी फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ विदेशी फिल्म का गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड भी जीता। इस फिल्म को हिंदी सहित लगभग सभी भाषाओं में प्रदर्शित किया गया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

