दुर्ग जिले में हमर तिरंगा कार्यक्रम के तहत 21 अगस्त को 5 सिनेमागृहों में प्रसिद्ध फिल्म गांधी का प्रदर्शन किया गया। शासकीय और निजी विद्यालयों के 1379 विद्यार्थियों ने फिल्म देखकर गांधी के विचारों और आजादी के आंदोलन में महात्मा गांधी के त्याग और बलिदान सहित देशप्रेम की भावना से अवगत हुए। स्टूडेंट्स के उत्साहवर्धन के लिए सूर्या मॉल स्थित पीवीआर में भिलाई के विधायक देवेंद्र यादव उपस्थित रहे।
उन्होंने बच्चों के साथ फिल्म देखी और फिल्म समाप्त होने के बाद बच्चों से कहा कि वे महात्मा गांधी से प्रेरणा लेकर उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारें। खूब परिश्रम कर अच्छी शिक्षा दीक्षा प्राप्त कर जीवन लक्ष्य को हासिल करें। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल, समग्र शिक्षा के जिला मिशन समन्वयक सुरेंद्र पांडे, शहरी स्त्रोत केंद्र दुर्ग भिलाई के समन्वयक के रघुनाथ, सी.ए.सी. खमरिया, अहमद सलीम खान और सेजस बालाजी नगर के शिक्षक उपस्थित थे।
देवेंद्र यादव ने बच्चों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल नई जानकारी देते हुए बताया कि कल 22 अगस्त को मिराज सिनेमा में सेजस सेक्टर 6, वेंकटेश्वर टॉकीज में कन्या उच्चतर माध्यमिक सुपेला, पीवीआर सूर्या माल में हायर सेकेंडरी कुरूद, स्वरूप टॉकीज दुर्ग में सेजस दीपक नगर दुर्ग, तरुण मल्टीप्लेक्स दुर्ग में हायर सेकेंडरी बघेरा, अप्सरा टॉकीज दुर्ग में हायर सेकेंडरी पुलगांव, न्यू बसंत टॉकीज भिलाई में हाई स्कूल मुक्तिधाम और बेबीलोन सिनेमा भिलाई 3 में सेजस भिलाई 3 के विद्यार्थी फिल्म गांधी का प्रदर्शन देखेंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

