द सीजी न्यूज
धमतरी। उच्च स्तरीय शिक्षा प्रदान करने राज्य सरकार द्वारा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है।कलेक्टर पी एस एल्मा ने शनिवार 20 अगस्त को दोपहर ढाई बजे विकासखंड मुख्यालय कुरूद और मगरलोड स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण किया। कुरूद स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के मुआयना के दौरान अव्यवस्थित कक्षा, शाला प्रांगण की दुर्दशा और शौचालयों में गंदगी और अस्वच्छता का आलम देखकर स्कूल के प्रिंसिपल पर सख्त नाराजगी जताई गई।
यहां के शौचालयों के आसपास भारी दुर्गंध फैल रही थी। स्कूल परिसर में उगे खरपतवार और घास को देख कलेक्टर ने प्राचार्य को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी आरएन मिश्र को दिए। अगले प्रवास के दौरान स्थिति में सुधार न होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी को सख्त निर्देश दिये।
कलेक्टर ने शाम 4 बजे मगरलोड भैसमुंडी के स्वामी आत्मानंद स्कूल का आकस्मिक निरीक्षण किया। भवन निर्माण कार्य शीघ्रता से करने और गुणवत्तापूर्वक कार्य पूरा करने के निर्देश संबंधित निर्माण एजेंसी को दिए। प्रस्तावित निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए अमले में वृद्धि करने कहा गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के साथ स्कूल शिक्षा विभाग का अमला मौजूद रहा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal