द सीजी न्यूज 

तीन दिनों तक चलने वाले छत्तीसगढ़ के पारंपरिक तीजा- पोरा पर्व का उत्साह अब जोर पर है। तिजहरिन माता-बहनें, किसान भाई और आम जन इस त्यौहार को पूरे उत्साह के साथ मनाने के लिए तैयारियों में जुटे हैं। तीजा- पोरा पर्व के अवसर पर पिछले वर्षाे की तरह इस वर्ष भी 27 अगस्त को सुबह 10 बजे से मुख्यमंत्री निवास में भव्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए सीएम हाउस में जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं।


मुख्यमंत्री निवास के प्रांगण को ठेठ पारंपरिक अंदाज में सजाया जा रहा है। यहां का पूरा माहौल रंग- बिरंगा और हमारी छत्तीसगढ़िया संस्कृति की झलक दिखा रहा है। ढेर सारे नंदी बैल इस प्रांगण में जगह-जगह सजे हैं, जो समृद्धि और खुशहाली का एहसास दिला रहे हैं। सूपा और टोकनी पर रंगों की खूबसूरत कारीगरी के साथ इन्हें जगह-जगह बेहद निराले अंदाज में सजाया गया है। रंग-बिरंगे तोरण और पारंपरिक कलाकारी, उत्सव की थीम के अनुरूप यहां की खूबसूरती बढ़ा रही है।


प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने माताओं-बहनों से अपील की है कि वे इस उत्सव में शामिल होकर मुख्यमंत्री निवास की शोभा बढ़ाएं। उत्सव में महिला पत्रकारों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। तिजरहिन माता- बहनें मुख्यमंत्री निवास को अपना मायका समझकर यहां आएं, उनका स्वागत है।