द सीजी न्यूज 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपेक्स बैंक और जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों में समकक्ष पदों पर विगत 10 वर्षों में 2 गुना से अधिक वेतन-भत्तों की बढ़ोतरी पाए जाने पर नाराजगी जताई है। मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश के बैंकों की तुलना में 2 गुना से अधिक वेतन बढ़ोतरी पर जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि भविष्य में होने वाली रिक्तयों की पूर्ति शासन के समान वेतनमान पर की जाए। गुरुवार को हुई समीक्षा बैठक में कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, सहकारिता मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह टेकाम, विधायक सत्यनारायण शर्मा, अध्यक्ष अपेक्स बैंक बैजनाथ चंद्राकर, चीफ सेक्रेटरी अमिताभ जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में अपेक्स बैंक और प्रदेश के सभी जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के प्रचलित सेवा नियम व उनके वेतनमान के संबंध में बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि नवीन सेवा नियम लागू होने के बाद अपेक्स बैंक और  जिला सहकारी बैंकों में लगभग 2900 पद रिक्त होंगे। रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती की कार्यवाही राज्य एजेंसी व्यापम के माध्यम से की जाएगी। ताकि, प्रदेश के बेरोजगार युवकों को रोजगार मिल सके।