द सीजी न्यूज
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज नवा रायपुर में एनआईए के रायपुर शाखा कार्यालय का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद थे। सेक्टर 24 में स्थित एनआईए ( राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण शाखा) के रायपुर शाखा कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू और एनआईए के महानिदेशक दिनकर गुप्ता भी उपस्थित रहे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पोला त्यौहार की प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के साथ मिलकर यहां से वामपंथी उग्रवाद खत्म करने में जरूर सफल होंगे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी मौजूद लोगों को पोला के त्यौहार की बधाई देते हुए कहा कि वामपंथी उग्रवाद हमें विरासत में मिला। कई जवान शहीद हुए। इससे जनहानि हुई। आज नक्सलवाद पर बहुत हद तक लगाम लगाया जा चुका है। इस कार्य के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां धन्यवाद की पात्र हैं। बहुत जल्द हम छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद खत्म करने में सफल होंगे। एनआईए कार्यालय खुलने से अपराधों के रोकथाम में मदद मिलेगी। सीएम ने इसके लिए केंद्रीय गृहमंत्री को धन्यवाद भी दिया।
सीएम ने होम मिनिस्टर को भेंट की टोकनी
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अमित शाह को टोकनी भेंट की। टोकरी में छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति की झलक के साथ लज़ीज़ छत्तीसगढ़िया व्यंजन रखे गए हैं। एनआईए के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन के अवसर पर आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आज केंद्रीय गृह मंत्री बड़े ही शुभ अवसर पर रायपुर पधारे हैं। आज छत्तीसगढ़ में पोला का त्यौहार मनाया जा रहा है। यह छत्तीसगढ़ का बहुत ही विशेष लोकपर्व है। खासकर किसानों की आशाओं और आकांक्षाओं से यह पर्व जुड़ा हुआ है।
इससे पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अमित शाह को फोन कर मुख्यमंत्री निवास में 27 अगस्त को पोला और तीज के अवसर पर आमंत्रित किया था। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से कहा कि छत्तीसगढ़ अपने तीज- त्योहारों और संस्कृति से जुड़ा हुआ राज्य है। छत्तीसगढ़ की वैभवशाली लोकसंस्कृति का रंग सभी त्योहार में देखने को मिलता है। यहां की संस्कृति बहुत ही समृद्ध है। आपके छत्तीसगढ़ आगमन पर हम आपको इसकी झलक से परिचित कराना चाहते हैं। छत्तीसगढ़ राज्य के निवासी अपनी छत्तीसगढ़ महतारी से जुड़े हुए त्योहार बड़े धूमधाम और उल्लास के साथ मनाते हैं।
हालांकि अमित शाह इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए, लेकिन मुख्यमंत्री ने उनकी रवानगी के पूर्व उन्हें छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक रंगों से भरी टोकनी भेंट की। टोकनी में पोला के उपलक्ष्य पर नंदी, जाता, पोला, चुकिया, सुहाग की सामग्री के साथ साथ लज़ीज़ छत्तीसगढ़ी व्यंजन- चाकोली, ठेठरी, ख़ुर्मी, अईरसा और सलोनी शामिल थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

