- निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात, पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर दिए निर्देश
द सीजी न्यूज
भिलाई नगर/ पिछले तीन दिनों से वार्ड क्रमांक 34 वीर शिवाजी वार्ड में मिलन चौक के आसपास के क्षेत्रों में डायरिया का प्रकोप फैला है। नगर निगम की टीम यहां सघन दौरा करते हुए सर्वे कार्य में जुटी है। महापौर नीरज पाल ने टीम को डायरिया के रोकथाम अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर पूरे एरिया का निरीक्षण किया। दस्त से प्रभावित होने की सूचना के आधार पर सर्वेक्षण टीम लगातार लोगों को पानी उबालकर पीने और जल जनित बीमारियों से बचाव के तरीके बताते हुए जागरूकता अभियान चला रही है।
मोहल्ले में बोर के पानी का सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा गया है। घरों में ओआरएस पैकेट वितरण किया जा रहा है। प्रभावित मोहल्ले में नाली सफाई और ब्लीचिंग व चूना पाउडर मिश्रण का छिड़काव भी किया जा रहा है। घरों में जल शुद्धिकरण के लिए क्लोरीन टेबलेट का वितरण किया जा रहा है। घरों में संपर्क कर उल्टी, दस्त से प्रभावित लोगों के उपचार के लिए भर्ती मरीजों की विस्तृत जानकारी भी ली जा रही है। डायरिया से निपटने के लिए निगम प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का अमला लगातार जुटा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
