- छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने शुरू की द्वितीय चरण की निविदा प्रक्रिया
- निजी निवेशक कर सकेंगे 5 सितम्बर तक ऑनलाइन आवेदन
द सीजी न्यूज
रायपुर। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा संचालित मोटल और रिसॉर्ट के बेहतर संचालन और इनमें पर्यटकों को अच्छी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इन्हें 30 साल के लीज पर देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। छत्तीसगढ़ व अन्य राज्यों के निजी निवेशकों से मोटल और रिसॉर्ट के संचालन के लिए 5 सितम्बर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के 10 संचालित और 14 असंचालित कुल 24 मोटल व रिसॉर्ट को 30-30 साल के लिए लीज पर दिया जाएगा। निविदा की द्वितीय चरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि मोटल और रिसॉर्ट के संचालन के लिए निविदा का उद्देश्य छत्तीसगढ़ व अन्य राज्यों के अनुभवी निजी निवेशकों को आमंत्रित कर पर्यटकों को व्यवसायिक दृष्टिकोण से और अधिक सुविधाएं प्रदान करना है, ताकि छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास की दिशा में तेजी आ सके। निविदा के संबंध में विस्तृत जानकारी छत्तीसगढ़ शासन की वेबसाइट eproc.cgstate.gov.in और टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट www.chhattisgarhtourism.in पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के दूरभाष क्रमांक +91-771-4224621 व मोबाइल नंबर +91-9300652548 पर संपर्क किया जा सकता है।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि बोर्ड द्वारा प्रथम चरण में निविदा के माध्यम से रायगढ़ और सरगुजा में स्थित मोटल के संचालन के लिए सफल निविदाकर्ताओं को उनके द्वारा प्रस्तुत अधिकतम वित्तीय प्रस्ताव को समिति द्वारा मान्य किया गया है। शीघ्र ही इन इकाईयों का संचालन सफल निविदाकर्ताओं को सौंपा जाएगा। निजी निवेशको द्वारा मितान मोटल चढ़ीरमा (सरगुजा के लिए एक मुश्त लीज प्रीमियम राशि 15.07 लाख रुपये और मितान मोटल, कोडातराई (रायगढ़) के लिए एक मुश्त लीज प्रीमियम राशि 25.66 लाख रुपये पर 35 प्रतिशत वार्षिक किराया प्रस्ताव को शासन की स्वीकृति मिल गई है। इन दोनों मोटल का संचालन शीघ्र प्रारंभ हो जाएगा। इससे स्थानीय व देश-विदेश के पर्यटकों को मूलभूत सुविधाएं प्राप्त होगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
