- सेक्टर-6 जामा मस्जिद कम्यूनिटी हॉल में सम्मान समारोह का आयोजन
द सीजी न्यूज
भिलाई। समाज के होनहार बच्चों को उच्च शिक्षा की राह में आने वाली चुनौतियों खास कर आर्थिक परेशानियों से निजात दिलाने प्रयासरत छत्तीसगढ़ जकात फाउंडेशन ने सेक्टर-6 जामा मस्जिद कम्यूनिटी हाल में सम्मान समारोह का आयोजन किया। समारोह में सिर्फ समाज के होनहार बच्चों को स्कॉलरशिप प्रदान कर उनकी हौसला अफजाई की गई, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम कर रहे विभिन्न संगठनों का सम्मान भी किया गया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि फैमिली कोर्ट दुर्ग के जज रिजवान खान ने कार्यक्रम की तारीफ करते हुए कहा कि इससे समाज में बच्चों को अपना बेहतर भविष्य बनाने की राह आसान होगी। कार्यक्रम में क्लास 6 से काॅलेज स्तर तक के करीब 130 स्टूडेंट को जकात फाउंडेशन की ओर से स्कॉलरशिप प्रदान की गई।
प्रोग्राम में नदीम खान (जीएम, भिलाई इस्पात संयंत्र), रिजवान उद्दीन (वाइस प्रेसिडेंट टेक्निकल आईबी ग्रुप), नसर सिद्दीकी (डीएसपी) याकूब मेमन (टीआई जामुल थाना), फजल संजरी और अकरम सिद्दीकी, चार्टर्ड अकाउंटेंट खास तौर पर मौजूद थे। सभी गणमान्य अतिथियों ने अपने उद्बोधन में बच्चों की हौसला अफजाई करते हुए उनके बेहतर भविष्य के लिए दुआएं दी। फाउंडेशन की पहल को सराहा।
इससे पहले कार्यक्रम में जकात फाउंडेशन के भिलाई-दुर्ग प्रभारी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि स्कॉलरशिप पाने वाले बच्चों से फाउंडेशन यह वादा लेता है कि पढ़-लिखकर जब वे किसी काबिल हो जाएं तो वे बी दूसरे बच्चों को मदद पहुंचाएंगे। इसके कारण मदद पहुंचाने वालों की एक श्रृंखला सी बनती जा रही है।
इस मौके पर बड़ी तादाद में समाज के लोग मौजूद थे। इस दौरान जिन तंजीमों का इस्तकबाल किया गया, उनमें इकरा टीचर्स सोसायटी, अल मदद फाउंडेशन, भिलाई सोशल वेलफेयर कमेटी और भिलाई बैतुलमाल कमेटी शामिल हैं। ये सभी तंजीमें समाज के बच्चों के बेहतर शिक्षा के अलावा आर्थिक मदद के जरिये जरूरतमंदों को रोजगार उपलब्ध कराने लंबे समय से काम कर रही हैं। प्रोग्राम के अंत में जकात फाउंडेशन के मोहम्मद ताहिर ने सभी का शुक्रिया अदा किया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal





