द सीजी न्यूज
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लगातार नए विवादों से जोड़ा जा रहा है। भाजपा ने पहले राहुल गांधी की टी शर्ट की कीमत को लेकर सवाल खड़े किये और जिस कंटेनर में राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेता सोते हैं, उसमें लक्जरी सुविधाएं होने के आरोप लगाए। भाजपा इन मामलों को लेकर कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर सवाल उठाती रही। अब नया विवाद कांग्रेस के ट्वीटर अकाउंट में शेयर की गई तस्वीर से शुरू हुआ है। केरल में इस यात्रा के दूसरे दिन यानी 12 सितंबर को कांग्रेस ने अपने ट्विटर अकाउंट से जलती हुई खाकी की एक निक्कर की तस्वीर शेयर की। इसमें लिखा – देश को नफरत से मुक्त कराने में 145 दिन बाकी हैं।
कांग्रेस की इस पोस्ट में खाकी का निक्कर एक कोने से जल रहा है। नीचे लिखा है, ‘145 दिन बाकी हैं।’ फोटो के साथ कांग्रेस ने कैप्शन दिया है- ‘देश को नफरत के चंगुल से मुक्त कराने और भाजपा-RSS के डैमेज की भरपाई के हमारे लक्ष्य पर हम धीरे-धीरे पहुंच ही जाएंगे।’
RSS ने कहा – कांग्रेस लोगों को नफरत से जोड़ना चाहती है
इस पोस्टर को लेकर बीजेपी कांग्रेस पर हमलावर हो गई है। RSS के सह सरकार्यवाह डॉ. मनमोहन वैद्य ने रायपुर में इसका जवाब भी दिया। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि वे लोगों को नफरत से जोड़ना चाहते हैं। उनके बाप-दादा ने संघ का तिरस्कार किया और अपनी पूरी ताकत के साथ संघ को रोकने का प्रयास किया, लेकिन संघ रुका नहीं, संघ लगातार बढ़ रहा है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि ये तस्वीर BJP और RSS को प्रतिनिधित्व करते हुए कांग्रेस ने ट्वीट किया और उसमें आग जलते हुए दिखाया है। कांग्रेस ने लोगों को उकसाने के लिए ये ट्वीट किया है। इनकी भारत जोड़ो यात्रा, आग लगाओ यात्रा है। ये पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस ने इस प्रकार की तस्वीर ट्वीट की हो। उन्होंने कहा कि ये तस्वीर ट्वीट कर राहुल गांधी क्या आप इस देश में हिंसा चाहते हैं? क्या आप चाहते हैं कि लोग एक दूसरे को जला दें? ये ‘भारत जोड़ो आंदोलन’ नहीं बल्कि ‘भारत तोड़ो’ और ‘आग जलाओ आंदोलन’ है। कांग्रेस को तुरंत इस तस्वीर को हटाना चाहिए।
कांग्रेस ने दिया करारा जवाब
अब कांग्रेस की ओर से इस पर प्रतिक्रिया आई है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सवाल करते हुए कहा कि देश को जलाने वाले लोग प्रतीकात्मक रूप से एक निक्कर के जलते दिखाए जाने पर इतने परेशान क्यों हैं? जो कांग्रेस मुक्त भारत की बात करते हैं, उन्हें पुतला जलाने से परेशानी क्यों है? जवाब तो उन्हें देना है, जिन्होंने गांधी की हत्या की। जो गोडसे का समर्थन करते हैं, उसे अपना आदर्श बताते हैं। जवाब तो उन्हें देना है जो देश को तोड़ने में लगे हैं। पुतला जलाना तो लोकतांत्रिक अधिकार है। हमने सिर्फ कार्टून के माध्यम से तोड़ने वालों की जलन को दिखाया है। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने ट्वीट करते हुए लिखा कि – सुना है देश को जलाने वाले, आज एक निक्कर की जलती हुई फ़ोटो देख कर उत्तेजित हो रहे हैं!
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
