- श्रमिकों को गृह राज्य वापस भेजने की तैयारी
द सीजी न्यूज
जांजगीर-चांपा। जनचौपाल में जैजैपुर विधायक केशव प्रसाद चन्द्रा के माध्यम से कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा को आवेदन दिया गया जिसमें जिला जांजगीर-चांपा व जिला-सक्ती (छ.ग) के लगभग 60-65 श्रमिकों से जम्मु कश्मीर में बंधुवा मजदूरी कराने की जानकारी दी गई थी। इस मामले में कलेक्टर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रम अधिकारी को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिये। कलेक्टर की पहल के बाद वहां श्रमिकों की भुगतान की समस्या का समाधान कर दिया गया है। वहां से दो दर्जन से ज्यादा श्रमिकों को गृहराज्य वापस लाने की तैयारी चल रही है।
कलेक्टर को मिले आनेदन में यह बताया गया कि करीब 60 से ज्यादा श्रमिक डोंगारगांव चुटरू, जिला-बडगाम (श्रीनगर) के ईंट भट्ठे में अधिक आमदनी की लालसा से कार्य करने गये थे। श्रमिकों को भट्ठा मालिक/जमीदार द्वारा मजदूरी का भुगतान भी नहीं किया जा रहा है। शिकायत मिलते ही कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने तत्काल संज्ञान में लेते हुए श्रम पदाधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
शिकायत की पुष्टि और जाँच के लिए त्वरित रूप से जिला – बडगाम (श्रीनगर) के प्रशासन से सम्पर्क किया गया। उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराया गया। जिला प्रशासन बडगाम द्वारा एक संयुक्त टीम का गठन किया गया, जिसमें प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट, सहायक श्रमायुक्त और श्रेत्रीय पुलिस प्रशासन की बनाई गई। संयुक्त टीम द्वारा शिकायत पर 13 सितम्बर 2022 को जाँच की गई और जिला प्रशासन जांजगीर-चांपा को वस्तुस्थिति से अवगत कराया गया।
संयुक्त टीम द्वारा दिए गए प्रतिवेदन के अनुसार श्रमिक बंधक नहीं थे और स्वतंत्र रूप से कार्य कर रहे थे। पैसों को लेकर कुछ विवाद जरूर हो गया था। प्रशासन के हस्तक्षेप से इस विवाद का समाधान करा दिया गया है। वहां मौजूद श्रमिकों में से 25-30 श्रमिक अपने राज्य वापस जाना चाहते हैं। बाकी शेष श्रमिक वहीं कार्य करने के इच्छुक हैं। पंचनामा तैयार कर वापस जाने वाले श्रमिकों को गृह राज्य भेजने की तैयारी की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा समस्त श्रमिकों से अपील की गई है कि ज्यादा मजदूरी पाने की लालसा में अन्य राज्यों में जाने की अपेक्षा स्थानीय स्तर पर पर्याप्त रोजगार के संसाधनों का लाभ उठाएं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal