- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने सफल विद्यार्थियों को दी बधाई
- टॉप टेन में आने वाले विद्यार्थी करेंगे हेलीकॉप्टर राइड
- मुख्यमंत्री ने स्वामी आत्मानंद स्कूल के विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन पर जताई प्रसन्नता
- हायर सेकेण्डरी की मेरिट लिस्ट के टॉप टेन में स्वामी आत्मानंद स्कूल के 5 और हाई स्कूल की मेरिट लिस्ट के 10 विद्यार्थी शामिल
- हाईस्कूल में परीक्षा में 79.16 प्रतिशत बालिका तथा 70.26 प्रतिशत बालक उत्तीर्ण
द सीजी न्यूज
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा हाई स्कूल परीक्षा और हायर सेकेंडरी परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिये गए हैं। हाईस्कूल सर्टिफिकेट मुख्य परीक्षा वर्ष 2023 में कुल 3,37,569 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए। इनमें से 3,30,681 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। कुल 3,30,055 परीक्षार्थियों के परीक्षा परिणाम घोषित किये गए हैं।
परीक्षार्थियों में प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की संख्या 1,09,903 (33.30 प्रतिशत) है। द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की संख्या 1,19,901 (36.32 प्रतिशत) है। तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की संख्या 17,914 (5.43 प्रतिशत) है। 3 परीक्षार्थी पास श्रेणी में उत्तीर्ण हुये हैं।
हायर सेकण्डरी स्कूल सर्टिफिकेट मुख्य परीक्षा वर्ष 2023 में कुल 3,28,121 परीक्षार्थी पंजीकृत हुये। इनमें से 3,23,625 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। 3,23,266 परीक्षार्थियों के परीक्षा परिणाम घोषित किये गए। घोषित परीक्षा परिणामों में उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की कुल संख्या 2,58,500 है। यानी कुल 79.96 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। उत्तीर्ण बालिकाओं का प्रतिशत 83.64 और बालकों का प्रतिशत 75.36 है।
प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की संख्या 87,140 (26.96 प्रतिशत) है, द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की संख्या 1,45,965 (45.15 प्रतिशत) है तथा तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की संख्या 25,377 (7.85 प्रतिशत) है। 18 परीक्षार्थी पास श्रेणी में उत्तीर्ण हुये हैं। 22,751 परीक्षार्थियों को पूरक की पात्रता है।
मुख्यमंत्री ने 10 वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण सभी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को दी बधाई
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा ली गई 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में सफल सभी परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए, उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि कक्षा दसवीं और बारहवीं की परीक्षा में टॉप टेन में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को हेलीकॉप्टर राइड कराया जाएगा।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल की दसवीं की परीक्षा में राहुल यादव और बारहवीं की परीक्षा में विधि भोसले ने टॉप किया है। स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने दसवीं और बारहवीं के मुख्य परीक्षा के रिजल्ट जारी किया। दसवीं की परीक्षा में 75.05 प्रतिशत और बारहवीं में 79.96 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

