Breaking News

लग्जरी गाड़ियों में घूमने वाले भाजपा नेता चुनाव सामने देख गौठान जाने लगे : गौशाला-गौठान में अंतर भी नहीं जानते : भूपेश बघेल

द सीजी न्यूज 

छत्तीसगढ़ में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। लिहाजा, राजनीति तेज हो चली है। भाजपा ने ‘चलबो गौठान खोलबो पोल’ अभियान शुरू कर दिया है। तमाम बीजेपी नेता गौठानों का दौरा कर वहां की हकीकत जनता के सामने लाने के दावे कर रहे हैं। कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगा रहे हैं। इस अभियान को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीखा तंज कसा है।

सीएम भूपेश ने कहा कि बीजेपी को गौशाला और गौठान में अंतर समझ में नहीं आता है। बड़ी-बड़ी गाड़ियों में विदेशी कुत्ते रखकर घूमने वाले भाजपा नेता गाय और गरवा के बारे में क्या समझेंगे। चुनाव आ गया है, तब गौठान जा रहे हैं। उससे पहले कभी गौठान नहीं गए। सीएम ने कहा कि गौठान जा रहे हैं तो कुछ सुझाव भी देना चाहिए। ताकि, हम भी अमल कर सकें। कुछ कमी या खामियां है ,उसको सुधार सकें। लेकिन 1 दिन गोढ़ी के गौठान में गए और बता दिया कि 13 करोड़ का घोटाला हो गया। स्क्रिप्ट पहले से तय थी और फिर इन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लिया।

छत्तीसगढ़ के मॉडल की देश-दुनिया में सराहना होती है …

सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि मध्यप्रदेश गौ-सेवा आयोग के अध्यक्ष यहां आए थे और तारीफ करके गए। केंद्रीय मंत्री, सांसदों की टीम यहां आई और तारीफ करके गई। गुजरात की टीम आ गई। न जाने कितनी ही विधानसभा की टीम अध्ययन करके जा चुकी हैं। इनको भ्रष्टाचार नजर आ रहा है।

पीएम मोदी के विदेश दौरे से क्या मिला ? 

भूपेश बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश जाते हैं, तो विदेशों से हमारे क्या संबंध बने और देश को क्या लाभ मिला, ये बताना चाहिए। ये नहीं बताना चाहिए कि कौन ऑटोग्राफ ले रहा है और कौन पैर छू रहा है। इससे बहुत ज्यादा फर्क नहीं पड़ता है। अगर कोई राष्ट्र अध्यक्ष या प्रधानमंत्री दूसरे देश की यात्रा करते हैं तो उससे कूटनीतिक क्या लाभ हुआ और उसके बाद दोनों देश के आपसी संबंध में कितनी मजबूती आई और उसके साथ-साथ व्यापार, व्यवसाय में कितना इजाफा हुआ। अगर यह आंकड़े आएं तो निश्चित रूप से देश के लिए लाभदायक होगा। पैर छूना और गले मिलना एक शिष्टाचार है।

नीतीश कुमार इसमें सफल होंगे

भूपेश बघेल ने कहा कि राष्ट्रीय नेताओं से नीतीश कुमार की लगातार मुलाकात हो रही है। मल्लिकार्जुन खड़गे से भी बेंगलुरु में उनकी मुलाकात हुई। नीतीश कुमार और वे एक साथ बैठे थे। अच्छा है वरिष्ठ नेता विपक्ष के सारे नेताओं को एकजुट करने के अभियान में लगे हैं। मुझे विश्वास है कि नीतीश कुमार इसमें सफल होंगे।

Check Also

जश्ने ईद मिलादुन्नबी : आज नेअमते उज़्मा कॉन्फ्रेंस, 26 को शान से निकलेगा जुलूसे मोहम्मदी 

THR CG NEWS जिनके आने से रौशन हुए दो जहां,  उनके कदमों की बरकत पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!