द सीजी न्यूज
दुर्ग। रूंगटा पब्लिक स्कूल के मेधावी छात्र तनय शर्मा ने कुशल वाकपटुता का शानदार परिचय देते हुए देश भर से दिल्ली पहुंचे 120 प्रतिभागियों को पराजित कर यंग इंडिया पार्लियामेंट्री डिबेट में ” बेस्ट पार्लियामेटेरियन ” का खिताब जीत लिया। न्यू खुर्सीपार निवासी डॉ राघवेंद्र व एनआईसी दुर्ग में वरिष्ठ अधिकारी श्वेता शर्मा के सुपुत्र तनय ने इससे पहले जिला स्तर (राजनांदगांव) और फिर राज्य स्तर (जमशेदपुर) पर भी स्वर्ण पदक प्राप्त किया था।
राष्ट्रीय स्तर पर फाइनल में तनय की तर्कपूर्ण प्रस्तुति और आत्मविश्वास ने निर्णायकों को प्रभावित किया। तनय राष्ट्रीय क्षितिज पर युवाओं के बीच श्रेष्ठ वक्ता के रूप में उभरे है। तनय की इस उपलब्धि से उसके परिवार ही नहीं दुर्ग भिलाई व अंचल और समाज में प्रसन्नता की लहर है। सर्व ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललित मिश्रा के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय महासचिव शशिकांत तिवारी के नेतृत्व में समाजजनों ने तनय शर्मा के न्यू खुर्सीपार स्थित निवास पर तनय को पुष्पहार पहनाकर मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया। पर्यावरण संरक्षण हेतु सांकेतिक रूप में समाजजनों ने शमी का पौधा भेंट किया।
समाज के सलाहकार डॉ विश्वनाथ पाणीग्राही ने कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ दुर्ग-भिलाई की नहीं है, वरन पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। उन्होंने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तनय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाकर समाज व देश को गौरवान्वित करेंगे। इस अवसर पर सर्व ब्राह्मण समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष सुमित शर्मा, चंद्रशेखर पाण्डेय, ऋषभ तिवारी ब्राह्मण युवा मंच अध्यक्ष, संतोष शर्मा, किशोर तिवारी, रमेश शर्मा, कमल किशोर शर्मा व तनय के माता-पिता व परिवारजन भी मौजूद रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
