द सीजी न्यूज
भिलाई। शास्त्री नगर कैम्प 1 स्थित उडिय़ा मोहल्ला में रविवार को अज्ञात बदमाश ने सैलून संचालक के बेटे पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक आईसीयू में भर्ती है। उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
शिव मंदिर के पास उडिय़ा मोहल्ला में पटेल डेयरी के पास 18 नंबर रोड पर ‘द क्लासिक कट्सÓ नाम से सैलून संचालित है। उनका बेटा पूनाराम सेन उर्फ विक्की रविवार रात करीब 9.30 बजे दुकान बंद कर घर लौट रहा था। घर के पास गली में पहुंचने पर वहां पहले से मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
आरोपी ने अपने मुंह पर गमछा बांध रखा था। उसने विक्की पर प्राणघातक वार किया। चाकू युवक की पीठ में लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही घायल युवक के पिता और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। महकमे के अफसर भी मौके पर पहुंचे। आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम ने कार्रवाई तेज करते हुए कई टीमें बनाई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal