- डॉक्टरों की टीम ने घर-घर जाकर की जांच, हैंडपंप किया बंद, पानी का लिया सैंपल
द सीजी न्यूज
दुर्ग। नगर पंचायत उतई के वार्ड 14 और 15 में गंदा पानी पीने से पीलिया फैल गया है। करीब एक माह से इलाके में पीलिया के मरीज मिल रहे हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि नालियों में भरे गंदे पानी के कारण घरों और सार्वजनिक हैंडपंपों के जलस्रोत दूषित हो गए। इसके कारण नल से बदबूदार पानी आने लगा है।
सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। करीब 20 मरीजों के घर जाकर स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकांश परिवार बोरिंग या हैंडपंप के पानी का उपयोग कर रहे थे। वार्ड में एक कॉमन हैंडपंप को एहतियातन बंद कर दिया गया है। सभी संदिग्ध जलस्रोतों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वार्ड 15 में एक नल कनेक्शन के सामने एक घर में 12 लोग रहते हैं, जिनमें से तीन लोग पीलिया से पीडि़त पाए गए। आसपास के घरों के पानी के सैंपल भी लिए गए। वार्ड 14 में पहले 12 मरीज मिले थे। स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया है कि वार्ड 14 के सभी मरीज अब ठीक हो चुके हैं।
बीएमओ डॉ. देवेंद्र बेलचंदन ने बताया कि डॉक्टरों की टीम ने प्रभावित घरों का निरीक्षण किया है। फिलहाल दो नए घरों में हल्के लक्षण दिखाई दिए थे, लेकिन उनकी स्थिति सामान्य है। स्वास्थ्य विभाग ने क्लोरीन टैबलेट और दवाइयों का वितरण किया है। लोगों को केवल उबला हुआ पानी पीने की सलाह दी गई है। मितानिनों द्वारा घर-घर सर्वे कर निगरानी रखी जा रही है। साफ-सफाई और खान-पान में सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
प्रभावित क्षेत्र में एहतियातन सार्वजनिक हैंडपंप और बोरिंग बंद कर दिए गए हैं। नगर पंचायत द्वारा टैंकर से शुद्ध पानी की आपूर्ति की जा रही है। नालियों की सफाई और कीटनाशक छिड़काव का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र नायक ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही।
स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने बताया कि सभी घरों के पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। सावधानी के तौर पर वार्ड 14 और 15 में स्वास्थ्य विभाग और नगर पंचायत की टीम लगातार निगरानी बनाए हुए है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal